रांची: राजधानी रांची में LPG सिलिंडर की होम डिलीवरी में देरी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। डोरंडा, धुर्वा, हिनू, बरियातू, कचहरी रोड और चुटिया समेत कई इलाकों के उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग के बाद भी समय पर सिलिंडर नहीं पहुंच रहा है। कई मामलों में DAC नंबर मिलने के बावजूद डिलीवरी के लिए 5 से 7 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है।
Highlights:
इसे भी पढ़े: पाकुड़ में किराना दुकान पर हथियारबंद बदमाशों का धावा, दुकानदार पर चलाई गोली; CCTV में कैद पूरी वारदात
10 किलो के सिलिंडर की डिलीवरी में ज्यादा परेशानी
सबसे ज्यादा परेशानी 10 किलो के फाइबर सिलिंडर की डिलीवरी को लेकर बताई जा रही है। डोरंडा के एक उपभोक्ता के मुताबिक, मंगलवार को उन्हें DAC नंबर 930680 का मैसेज मिला, लेकिन इसके बावजूद सिलिंडर की डिलीवरी नहीं हुई। वहीं, न्यू पुंदाग के पी. सिंह ने भी करीब 10 दिनों तक सिलिंडर नहीं मिलने की शिकायत की। कुछ उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसियों के फोन नहीं उठाने और बुकिंग में परेशानी होने की बात भी कही है।
25 दिन का लॉक-इन पीरियड
दो सिलिंडरों की बुकिंग के बीच सरकार की ओर से न्यूनतम समय भी तय किया गया है। नियम के अनुसार, शहरी इलाकों में पिछले सिलिंडर की डिलीवरी मिलने के बाद अगले सिलिंडर की बुकिंग के लिए कम से कम 25 दिन का इंतजार करना होगा।
गैस एजेंसियों ने क्या कहा?
गैस एजेंसियों के मुताबिक सामान्य स्थिति में बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर सिलिंडर की डिलीवरी हो जानी चाहिए। हालांकि, पिछले दिनों दो एजेंसियों पर कार्रवाई के बाद कुछ इलाकों में मांग अचानक बढ़ी है। इसके कारण कई क्षेत्रों में डिलीवरी में औसतन 3.5 दिन का समय लग रहा है।
एजेंसियों का कहना है कि पेंडिंग बुकिंग को प्राथमिकता के आधार पर क्लियर किया जा रहा है और जल्द ही डिलीवरी का समय सामान्य होने की उम्मीद है। वितरण कंपनियों के अनुसार, झारखंड में LPG की कोई कमी नहीं है और करीब 593 LPG वितरकों के माध्यम से घरेलू गैस की सप्लाई की जा रही है।
रांची में CNG और PNG नेटवर्क बढ़ाने की तैयारी
LPG डिलीवरी की समस्या के बीच रांची और आसपास के इलाकों में CNG और PNG नेटवर्क को भी बढ़ाने की तैयारी चल रही है। GAIL India Limited मौजूदा नेटवर्क को मजबूत करने के साथ नए गैस स्टेशन बनाने की योजना पर काम कर रहा है।
फिलहाल रांची में 34 CNG स्टेशन चालू हैं, जबकि 35,337 घरेलू उपभोक्ताओं के घरों तक PNG पहुंच रही है। इसके अलावा 255 कॉमर्शियल और 17 इंडस्ट्रियल PNG कनेक्शन भी हैं।
इन इलाकों में बनेंगे नए PNG स्टेशन
नए PNG स्टेशन बनाने के लिए स्मार्ट सिटी, धुर्वा, रिंग रोड स्थित गागी चौक, बुढ़मू चौक और तुपुदाना जैसे इलाकों को चिन्हित किया गया है। इन योजनाओं के पूरा होने के बाद रांची में गैस नेटवर्क और मजबूत होने की उम्मीद है।


