राँची: राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरूवार सुबह पुलिस ने अज्ञात युवक का शव बरामद किया है. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक लाइब्रेरी के पास से शव को बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अब तक मृतक की पहचान और उसकी मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. स्थानीय लोगों के अनुसार उन्होंने एक युवक को बेसुध पड़े हुए देखा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी.
इसे भी पढ़ें : रांची में छात्रों का आंदोलन 20वें दिन भी जारी, 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव की चेतावनी
मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शरीर में कोई हलचल नहीं देखी, इससे उसकी मौत होने का पता चला. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. शुरुआती जांच में मृतक के पास से किसी तरह का दस्तावेज या सामान बरामद नहीं किया गया है, जिससे उसकी पहचान की जा सके. पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन फिलहाल युवक के नाम और पते का पता नहीं चल पाया है. पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही है, ताकि इस घटना से संबंधित कुछ अन्य पहलुओं की जानकारी मिल सके.

