चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरु थाना क्षेत्र के गुआगु गाँव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ चप्पल के फीते को लेकर शुरू हुआ एक छोटा सा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें एक पड़ोसी ने बुजुर्ग आदिवासी दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गाँव में दहशत और तनाव का माहौल है।
Highlights:
मृतक की पहचान 72 वर्षीय सरगिया बालमुचू और उनकी 65 वर्षीय पत्नी मुक्ता बालमुचू के रूप में हुई है। पुलिस ने दंपति के बेटे चरण बालमुचू की शिकायत पर आरोपी जंगम बालमुचू को गिरफ्तार कर लिया है।
पंचायत भी नहीं सुलझा पाई विवाद
पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि विवाद की शुरुआत तब हुई जब आरोपी जंगम बालमुचू ने अपनी चप्पल का फीता टूटा हुआ देखा और इसका आरोप दंपति की बेटियों पर लगा दिया। ग्रामीणों के अनुसार, विवाद को सुलझाने के लिए रविवार को पंचायत की बैठक बुलाई गई थी। बैठक में आरोपी जंगम ने मुआवजे के तौर पर एक बकरा और हड़िया (स्थानीय पेय) की मांग की। आर्थिक रूप से कमजोर दंपति ने यह मांग पूरी करने में असमर्थता जताई। इसी बात पर गुस्से से भड़का आरोपी बैठक से उठकर चला गया।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात गुस्से में तमतमाए आरोपी ने इंतज़ार किया और फिर दंपति के घर जाकर उन पर हमला बोल दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ने कुल्हाड़ी से दोनों की गर्दन काटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। यह मामला मंगलवार सुबह तब उजागर हुआ जब घर से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने घर का दरवाजा खोलकर देखा तो दंपति लेटे हुए मिले। करीब से देखने पर पता चल की दंपति खून से लथपथ हालत में मृत पड़ें हैं। जिसके बात ग्रामीणों ने पुलिस को तुरंत सूचना देकर मामले से अवगत कराया।
विशेष टीम गठित, आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने एसडीपीओ अजय केरकेट्टा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है। पुलिस ने आरोपी जंगम बालमुचू को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
दिल दहला देने वाली इस घटना के बाद गुआगु गांव में भय और तनाव व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी मामूली बात पर दो बेगुनाहों की बर्बर हत्या किसी ने नहीं सोची थी। लोग अब तक सदमे में हैं।


