नई दिल्ली : कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर परिसीमन पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है. खड़गे ने पत्र में लिखा, “संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त 2026 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के बाद अब 64 दिन हो चुके हैं, लेकिन संसद के दोनों सदनों का अब तक अनिश्चितकाल के लिए सत्रावसान नहीं किया गया है. यह स्थिति अभूतपूर्व है.”
इसे भी पढ़ें : जम्मू-कश्मीर: वायरल वीडियो में IAS अधिकारी के महिला अधिकारी से अनुचित व्यवहार के आरोपों की जांच के आदेश
पत्र में लिखा गया है, “आपको याद होगा कि मैंने परिसीमन पर किसी भी संविधान संशोधन विधेयक को लाने से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाने के लिए 11 अप्रैल 2026 को आपको पहला पत्र लिखा था. आपने ऐसा नहीं किया. इसके बाद आपने 14 अप्रैल 2026 की देर शाम विधेयकों को सार्वजनिक किया और 16 अप्रैल 2026 को विशेष सत्र बुलाया. परिसीमन पर संविधान संशोधन विधेयक 17 अप्रैल 2026 को लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल करने में विफल रहा और बड़े अंतर से गिर गया.”
खड़गे ने लिखा है, “इसके बाद मैंने 16 जुलाई 2026 और 27 अगस्त 2026 को फिर से आपको पत्र लिखकर सर्वदलीय बैठक बुलाने का अनुरोध दोहराया. अब मैं चौथी बार ऐसा कर रहा हूं. “कृपया आपके नए प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा करने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाएं, ताकि संसद में विचार के लिए उन्हें अंतिम रूप दिए जाने से पहले चर्चा हो सके. सभी राजनीतिक दलों को आपस में, एक-दूसरे के साथ और सभी संबंधित पक्षों के साथ विचार-विमर्श करने के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए.”
कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की, “कृपया पहले की तरह एक बार फिर व्यापक प्रभाव वाले संविधान संशोधन विधेयक को संसद में जल्दबाजी और दबाव के साथ पारित कराने की कोशिश न करें. आपने पहले भी ऐसा करने का प्रयास किया था और उस विधेयक को उसके उचित परिणाम का सामना करना पड़ा था.”

