मेदिनीनगर : पलामू जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष बिमला कुमारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मेदिनीनगर नगर निगम की बदहाल व्यवस्था पर सवाल उठाए. उन्होंने शहर के सभी 35 वार्डों में खराब स्ट्रीट लाइट, सफाई और जलापूर्ति व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने की मांग की. बिमला कुमारी ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में करीब 4000 स्ट्रीट लाइट खराब हैं. कई इलाकों में नियमित सफाई नहीं हो रही है, जबकि सुदना जलापूर्ति केंद्र करीब तीन महीने से बंद है. इससे लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है.
इसे भी पढ़ें: धनबाद : बकाया वेतन की मांग को लेकर बीएसएस महिला कॉलेज के शिक्षकेत्तर कर्मियों की हड़ताल
उन्होंने कहा कि नगर निगम का दर्जा मिले करीब नौ साल हो गए, लेकिन शहर और निगम में शामिल नए क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति अब भी संतोषजनक नहीं है. लोगों से टैक्स लिया जा रहा है, लेकिन उन्हें पर्याप्त शहरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं. कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने खराब स्ट्रीट लाइट की तत्काल मरम्मत, सभी वार्डों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने, नियमित सफाई व्यवस्था बहाल करने और सुदना जलापूर्ति केंद्र को जल्द चालू कराने की मांग की. साथ ही शहरी जलापूर्ति योजना फेज-2 के काम में तेजी लाने की बात कही.
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों की लंबित किस्त का भुगतान करने और वार्ड नंबर 2 के अघोर आश्रम रोड में वर्षों से निर्माणाधीन प्रधानमंत्री किफायती आवास योजना को पूरा कराने की भी मांग की. बिमला कुमारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि नगर निगम ने इन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी. उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं को लेकर पार्टी चुप नहीं बैठेगी.

