रांची: रांची के मोरहाबादी स्थित सिदो-कान्हू उद्यान में शनिवार को हूल विद्रोह के महानायक वीर शहीद सिदो-कान्हू की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधायक कल्पना सोरेन के साथ सिदो-कान्हू उद्यान पहुंचकर वीर शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग भी उपस्थित रहे।
Highlights:
झारखंड वीरों की भूमि: मुख्यमंत्री
इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड वीरों की भूमि है, जहां अनेक महान सपूतों ने जन्म लिया। उन्होंने कहा कि यहां के आदिवासी और मूलवासी समाज ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए लंबे समय से संघर्ष किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर शहीद सिदो-कान्हू ने अन्याय, शोषण और अत्याचार के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन छेड़ा था। उनका यह संघर्ष आज भी लोगों को साहस, स्वाभिमान और अधिकारों के लिए लड़ने की प्रेरणा देता है।
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेता पार्थ चटर्जी के ED की रेड, शिक्षक भर्ती घोटाला मामला
जयंती का ऐतिहासिक महत्व
उन्होंने कहा कि सिदो-कान्हू जयंती का दिन भारत के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। इस दिन लोग उनके संघर्ष, अदम्य साहस और आदर्शों को याद करते हैं और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अवसर पर राज्य और देश के विभिन्न हिस्सों में सिदो-कान्हू की प्रतिमाओं, तस्वीरों, जन्मस्थली और शहादत स्थलों पर लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह दिन आदिवासी समाज के साथ-साथ पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान वीरों ने समाज को एक नई दिशा देने का काम किया है, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।
Air Now के यूट्यूब चैनल को देखने के लिए यहां क्लिक करें:-

