स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले दिल्ली में सुरक्षा को लेकर हलचल बढ़ गई है. दिल्ली एयरपोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट और झंडेवालान बिल्डिंग समेत राजधानी की 6 अलग-अलग जगहों पर बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां और जांच टीमें एक्टिव हो गईं.
धमकी की जानकारी मिलने के बाद संबंधित स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बम निरोधक दस्ते और अन्य जांच टीमें मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चला रही हैं. सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी किसने दी और इसमें कितनी सच्चाई है.
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. ऐसे में एक साथ कई महत्वपूर्ण जगहों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहतीं.
दिल्ली हाईकोर्ट और एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील स्थानों के अलावा झंडेवालान बिल्डिंग को भी धमकी मिलने की जानकारी सामने आई है. फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल कर रही हैं और धमकी के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
सुरक्षा एजेंसियों की जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि ये धमकियां महज अफवाह थीं या इसके पीछे कोई गंभीर साजिश थी. स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी में एक साथ कई जगहों पर मिली धमकी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जरूर बढ़ा दी है.

