पटना : बिहार में झाझा – जसीडीह रेलखंड पर बड़ा रेल हादसा हुआ है, हादसे में सीमेंट लदी मालगाड़ी के तीन बोगी पुल से नदी में गिर गये वहीं 2 डिब्बे ट्रेन से अलग हो गए। घटना टेलवा बाजार हॉल्ट के समीप बथुआ नदी पर बने पुल की है। मिली जानकारी के अनुसार, जसीडीह की तरफ से सीमेंट लदी मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें 3 डिब्बे नदी में गिर गए जबकि 2 डिब्बे ट्रेन से अलग हो गए। इस दौरान करीब एक दर्जन डिब्बे एक दूसरे बोगी पर चढ़ गए।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार के जानमाल के हताहत होने की अब तक कोई खबर नहीं है। इस हादसे के कारण इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है। इधर घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना के कारणों की जानकारी अब तक पता नहीं चल सकी है। घटना के बाद से झाझा और जसीडीह स्टेशन पर कई ट्रेनें खड़ी है।
घटना के संबंध में रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने जानकारी दी कि आसनसोल मंडल में एक ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई है जिसमें मालगाड़ी के 8 डिब्बे पटरी से उतर गए। दुर्घटना की वजह से रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही बाधित हुई है, इस वजह से हावड़ा राजधानी समेत कई ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के रेलवे स्टेशन से अधिकारी और तकनीकी टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं।


