रांची: झारखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. शनिवार से राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो गया है. सुबह से ही कई जिलों में रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड के कई इलाकों में तेज बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. उत्तर-पूर्वी झारखंड में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश देखने को मिल सकती है. बारिश के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को मौसम खराब होने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : JPSC-JSSC आंदोलन में नेहा बोरा फिर हुई शामिल, आईसा ने अलग मंच लगाकर किया मांगों का समर्थन
भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 9 अगस्त को भी राज्य में बारिश और खराब मौसम का असर बना रह सकता है. लगातार बारिश की वजह से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है. विभाग ने लोगों से अपील की है कि आकाशीय बिजली के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचें.
आज पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, रांची, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, बोकारो और रामगढ़ में अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है.
कहां कितनी हुई बारिश
इससे पहले शुक्रवार को भी झारखंड के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. राजधानी रांची में 11 मिमी बारिश हुई और अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री रहा.जमशेदपुर में 4.9 मिमी बारिश के साथ अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. डाल्टनगंज में 26.1 मिमी, चाईबासा में 18.4 मिमी और देवघर में सबसे ज्यादा 36 मिमी बारिश दर्ज की गई.
इसके अलावा लोहरदगा में 25.5 मिमी और गढ़वा में 11.5 मिमी बारिश हुई. वहीं बोकारो और पाकुड़ में बारिश का असर अपेक्षाकृत कम रहा.लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट आई है. हवा में नमी का स्तर भी 90 प्रतिशत से ऊपर बना हुआ है. बारिश और ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहावना बना हुआ है.


