झारखंड : झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने घाटशिला उपचुनाव को लेकर रविवार को मोर्चा संभाल लिया. पूर्व सीएम चंपाई सोरेन की गैरमौजूदगी में गुड़ाबांदा के मैदान में बूथस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व विधायक राम कुमार पाहन सहित सम्मानित पदाधिकारीगण उपस्थित रहे. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा राज्य की माटी, रोटी और बेटी को बचाने के लिए संकल्पित है. उन्होंने पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं से जीत का संकल्प पूरा करने का आह्वान किया.
Highlights:
हेमंत सरकार कहने को अबुआ सरकार : बाबूलाल मरांडी
प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यह उपचुनाव झारखंड को बचाने का चुनाव है. हेमंत सरकार कहने को अबुआ सरकार है लेकिन आज आदिवासी, मूलवासी सबसे ज्यादा पीड़ित है. राज्य में बिचौलिए, दलाल, माफिया हावी हैं. भ्रष्टाचार चरम पर है. ऐसे में यह चुनाव राज्य को दलालों, बिचौलियों और माफियाओं से बचाने का चुनाव है. विकास के काम पूरी तरह ठप्प हैं. जनता को अपना घर बनाने के लिए बालू तक नहीं मिल रहा.
उन्होंने कहा कि घाटशिला की जनता उपचुनाव में यह संदेश देगी कि राज्य को अब दलालों बिचौलियों से बचाना है. एक तरफ संसाधनों की लूट हो रही वही राज्य की डेमोग्राफी भी बदल रही. आज जो जनगणना के आंकड़े है वो कांग्रेस के शासन के हैं, जिसमें साफ साफ दिख रहा कि कैसे आदिवासियों की आबादी जो 1951 में 36% थी घटकर 26% हो गई. सनातनी हिंदू 88% से घटकर 81% हो गए और मुस्लिम आबादी 8.9% से बढ़कर 14.3% हो गई. यह सामान्य वृद्धि नहीं है बल्कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण है जिसे यह सरकार संरक्षण दे रही.


