दिल्ली : स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले राजधानी दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। 15 अगस्त को लेकर दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। इसी बीच दिल्ली हाई कोर्ट समेत छह जगहों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है। दिल्ली हाई कोर्ट को ई-मेल के जरिए धमकी मिली है। इसके बाद बम निरोधक दस्तों और सुरक्षा टीमों ने हाई कोर्ट परिसर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। धमकी भरे ई-मेल में दिल्ली हाई कोर्ट, जिला अदालतों, लाल किले और ट्रेनों को निशाना बनाने की बात कही गई है।
Highlights:
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को देखते हुए पहले से ही दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे थे। लेकिन धमकी सामने आने के बाद संवेदनशील इलाकों में निगरानी और जांच और बढ़ा दी गई है।
दिल्ली पुलिस ने जारी की 19 मोस्ट वांटेड आतंकियों की लिस्ट
इसी बीच दिल्ली पुलिस ने 19 मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची जारी की है। इन आतंकियों के पोस्टर दिल्ली के अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए हैं। इस सूची में झारखंड से जुड़े दो वांटेड आतंकियों के नाम भी शामिल हैं। दोनों के संबंध अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट यानी AQIS से बताए गए हैं। सूची में चतरा निवासी अबू सूफियान और जमशेदपुर के आजादनगर निवासी सैयद मोहम्मद अर्शियान का नाम और तस्वीर शामिल होने की बात सामने आई है।
दिल्ली पुलिस की ओर से इनकी जानकारी सार्वजनिक करने का मकसद आम लोगों को सतर्क करना बताया गया है। पुलिस चाहती है कि अगर इनसे जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि या जानकारी किसी के सामने आती है तो इसकी सूचना तुरंत सुरक्षा एजेंसियों तक पहुंचाई जा सके।
15 अगस्त को धमाके की धमकी
पूरे मामले में सबसे ज्यादा चिंता उस ई-मेल को लेकर है, जिसमें 15 अगस्त को धमाका करने का दावा किया गया है।धमकी भरे मेल में दिल्ली को खालिस्तान बनाने की बात भी लिखी गई है। इसके साथ सिखों से जुड़े मामलों में न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है। ई-मेल में 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामलों का भी जिक्र किया गया है।
हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां इस धमकी की विश्वसनीयता की जांच कर रही हैं। फिलहाल प्राथमिकता संवेदनशील जगहों की सुरक्षा बढ़ाने और किसी भी संभावित खतरे को रोकने की है।
हाई कोर्ट से लेकर लाल किले तक निगरानी
धमकी के बाद दिल्ली हाई कोर्ट और दूसरे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई है। बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा टीमें परिसर की तलाशी ले रही हैं। दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। रेलवे और सार्वजनिक स्थानों पर भी निगरानी बढ़ाई जा रही है। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को देखते हुए पहले से ही दिल्ली में सुरक्षा के कई स्तर बनाए गए हैं।
अब जांच एजेंसियों के सामने दो बड़ी चुनौतियां हैं। पहली, धमकी भरे ई-मेल की सच्चाई का पता लगाना और दूसरी, इसे भेजने वाले की पहचान करना। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हर इनपुट को गंभीरता से ले रही हैं। 15 अगस्त को लाल किले में स्वतंत्रता दिवस समारोह और राजधानी में होने वाले अन्य कार्यक्रमों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई जोखिम नहीं लिया जा रहा है। यानी एक तरफ देश स्वतंत्रता दिवस की तैयारी कर रहा है, तो दूसरी तरफ दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रख रही हैं। झारखंड के दो वांटेड आतंकियों के पोस्टर सामने आने और छह जगहों को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी कर दी गई है।


