चतरा/रांची: झारखंड के चतरा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। सोमवार की शाम रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एक एयर एंबुलेंस (बीचक्राफ्ट C90) सिमरिया थाना क्षेत्र के कसियातु-झुमरी बागी जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस विमान में एक गंभीर मरीज, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ समेत कुल 7 लोग सवार थे।
Highlights:

मिली जानकारी के अनुसार, घने जंगल और अंधेरे के बीच हुए इस हादसे में किसी के भी जीवित बचने की उम्मीद कम जताई जा रही है। चतरा जिला पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच चुके हैं। वहीं कुछ ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने प्लेन क्रैश के बाद कुछ शव देखा है।
कैसे और कब हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, रेड बर्ड एविएशन की इस एयर एंबुलेंस (VT-AJV) ने रात 7:07 बजे रांची से दिल्ली के लिए टेकऑफ किया था। विमान को करीब 18 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ना था, लेकिन यह 14 हजार फीट पर ही उड़ान भर रहा था। फिर 7:22 PM में विमान ने अपना रास्ता बदला। जिसके बाद 7:34 PM पर कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से विमान का संपर्क पूरी तरह टूट गया। इसके कुछ ही देर बाद सिमरिया के ग्रामीणों ने जंगल में तेज धमाके की आवाज सुनी और पुलिस को सूचना दी।

विमान में कौन-कौन थे सवार
हादसे का शिकार हुई एयर एंबुलेंस एक 41 वर्षीय मरीज संजय कुमार को लेकर जा रही थी, जो बुरी तरह झुलस जाने के कारण रांची के देव कमल अस्पताल में भर्ती थे। बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली ले जाया जा रहा था। विमान में सवार अन्य लोगों की सूची:
कैप्टन विवेक विकास भगत (पायलट)
कैप्टन सवरदीप सिंह (को-पायलट)
डॉ. विकास कुमार गुप्ता (चिकित्सक)
सचिन कुमार मिश्रा (पैरामेडिकल स्टाफ)
धुरू कुमार (मरीज के परिजन)
अर्चना देवी (मरीज के परिजन)

इधर घटना की सूचना मिलते ही चतरा जिला प्रशासन और पुलिस की टीम कसियातु के जंगलों की ओर रवाना हो गई। इलाका काफी दुर्गम और जंगली होने के कारण राहत कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। चतरा एसपी ने पुष्टि की है कि घटनास्थल पर मलबा मिल चुका है और राहत कार्य जारी है।


