मेदिनीनगर : डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन का सोमवार शाम महिलाने बच्चे को जन्म दिया.अचानक प्रसव पीड़ा होने के बाद 28 वर्षीय महिला ने वहीं बच्चे को जन्म दिया. आसपास मौजूद महिलाओं ने प्रसव में मदद की. इसके बाद स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस बुलाने की कोशिश की, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची. आखिरकार निजी वाहन से प्रसूता और नवजात को MMCH पहुंचाया गया. अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति सुरक्षित बतायी जा रही है.
इसे भी पढ़ें: रांची में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को लेकर एसएसपी की उच्चस्तरीय बैठक, लोगों से ये अपील
जानकारी के अनुसार,महिला गढ़वा जिले के मेराल की रहने वाली है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला शहरी क्षेत्र में भीख मांगकर अपना गुजारा करती है. सोमवार शाम करीब छह बजे महिला टीओपी-2 की ओर से स्टेशन के नए पोर्टिको में पहुंची थी. इसी दौरान उसे तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई.बच्चे के जन्म के बाद लोगों ने 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क किया, लेकिन वाहन उपलब्ध नहीं हो सका. बताया जा रहा है कि एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल के कारण सेवा प्रभावित थी.
इसके बाद लोगों ने निजी वाहन का इंतजाम किया और मां-बच्चे को अस्पताल पहुंचाया. घटना ने एक बार फिर आपात स्थिति में एंबुलेंस सेवा की उपलब्धता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण स्थानीय लोगों को खुद व्यवस्था करनी पड़ी.

