रांची: राजधानी में दुर्गा पूजा का उत्साह चरम पर है. इसी दौरान राजधानी रांची के प्रसिद्ध बकरी बाजार मेले में उस वक्त भारी अफरा-तफरी मच गई, जब मेले में मुख्य आकर्षण का केंद्र बना ‘वाशिंग मशीन’ स्टाइल झूला हवा में अचानक खतरनाक तरीके से लटक गया. मेले में घूम रहे लोगों और झूले पर सवार श्रद्धालुओं के लिए यह क्षण काफी खौफनाक रहा.
इसे भी पढ़ें : कोलकाता भगदड़: घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सीएम सुवेंदु अधिकारी
झूले में अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण वह हवा में ही खतरनाक तरीके से एक तरफ लटक गया. घटना के समय झूले पर कई लोग मौजूद थे. गनीमत यह रही कि झूले पर सवार लोगों ने समय रहते समझदारी दिखाई और कूदकर अपनी जान बचाई. इस सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया. राहत की बात यह है कि इस गंभीर घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है.
हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन इसने मेले में किए गए सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. त्योहारों के सीजन में लगने वाले ऐसे बड़े मेलों में भारी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में झूलों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों की अनदेखी लोगों की जिंदगी के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकती है. इस घटना के बाद अब लोग मेले के आयोजकों और प्रशासन से सख्त सुरक्षा जांच और झूलों के फिटनेस सर्टिफिकेट की मांग कर रहे हैं.

