क्राइम डेस्क: झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग स्थित डेढ़ टंगवा घाटी शनिवार को भीषण सड़क दुर्घटना की सूचना मिली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक कंटेनर ऑटो पर पलट गया। हादसे में 10 लोगों की मौत की सूचना मिल रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
इसे भी पढ़ें : चतरा में 1.60 करोड़ मूल्य का 85 बोरियों में 1050 किलो डोडा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
इधर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बताया जा रहा है कि तीखे ढलान पर अनियंत्रित हुए भारी कंटेनर ने पहले बाइक और फिर ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, लोहरदगा की ओर से आ रहा एक भारी कंटेनर घाटी के तीखे ढलान पर अनियंत्रित हो गया। बेकाबू कंटेनर ने पहले चंदवा से लोहरदगा की ओर जा रही एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
दुर्घटना में बाइक सवार महिला और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद कंटेनर ने एक ऑटो को भी जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। ऑटो में सवार लोगों में से चार की मौत होने की सूचना है। एक के बाद एक दो वाहनों को चपेट में लेने से मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल घटनास्थल पर पहुंचा तथा घायलों को अस्पताल भेजा गया।

