रांची : रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ‘ पुलिस’ का बोर्ड लगी एक तेज रफ्तार कार रांची–मूरी रोड पर जोंहा फॉल के समीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दुकान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कुछ ही पल पहले वहां मौजूद लोग हट गए थे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
इसे भी पढ़ें: देवघर एम्स पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी सख़्त, बोले – मरीजों का इलाज करें, राजनीति नहीं
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार बेहद तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में था। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। कार पर ‘ पुलिस’ का बोर्ड लगा होने के कारण मामला और भी चर्चा का विषय बन गया। सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और चालक को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।

