नवादा : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में नामांकन वापसी की अंतिम तिथि पर वारिसलीगंज विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सतीश कुमार उर्फ मंटन सिंह ने अपना नाम वापस ले लिया। उन्होंने गुरुवार को निर्धारित समय के भीतर निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष आवेदन सौंपा।
निर्वाची पदाधिकारी सह नवादा सदर के भूमि सुधार उपसमाहर्ता गौरव शंकर ने इस जानकारी की पुष्टि की। कांग्रेस प्रत्याशी सतीश कुमार ने 18 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल किया था, उसी दिन राजद प्रत्याशी अनिता कुमारी ने भी नामांकन पर्चा दाखिल किया था। इस वजह से महागठबंधन के दो बड़े दलों के बीच फ्रेंडली फाइट की स्थिति बन गई थी।
लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार के नाम वापस लेने के बाद महागठबंधन में अंदरूनी संघर्ष की आशंकाएं खत्म हो गई हैं। स्थानीय राजनीतिक माहौल में इसे राजद उम्मीदवार के लिए राहत माना जा रहा है।
वारिसलीगंज सीट से कुल 14 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था, जिनमें से चार का नामांकन खारिज कर दिया गया था। कांग्रेस उम्मीदवार के हटने के बाद अब 9 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं। वहीं, इस सीट से बीजेपी ने अरूणा देवी को टिकट दिया है, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना जताई जा रही है।
स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, कांग्रेस के कदम से सीट पर चुनावी समीकरण बदल सकते हैं और राजद-बीजेपी के बीच अब सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा।


