पश्चिम बंगाल : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल छात्रा से गैंगरेप के आरोप के मामले पर कहा है कि यह घटना “चिंताजनक और स्तब्ध करने वाली” है, लेकिन कॉलेज प्रशासन को भी छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए. ममता बनर्जी ने कहा, “यह एक निजी कॉलेज है. तीन हफ़्ते पहले ओडिशा के समुद्र तट पर तीन लड़कियों के साथ बलात्कार हुआ था. ओडिशा सरकार वहां क्या कार्रवाई कर रही है? यह लड़की एक निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ती थी. वह रात 12:30 बजे कैसे बाहर आई? जहां तक मुझे जानकारी है, यह घटना जंगल वाले क्षेत्र में हुई. मुझे नहीं पता वहां क्या हुआ, जांच जारी है.”
ममता बनर्जी का बयान
ममता बनर्जी ने कहा, “लड़कियों को अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना चाहिए और रात में कॉलेज से बाहर नहीं जाना चाहिए. वह इलाक़ा जंगल के पास है. पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है. किसी को छोड़ा नहीं जाएगा. तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और दोषियों को कड़ी सज़ा दी जाएगी.”
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की घटनाएं “किसी भी राज्य में निंदनीय हैं.” उन्होंने कहा, “ऐसी वारदातें मणिपुर, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में भी हुई हैं. वहां भी सरकारों को सख़्त क़दम उठाने चाहिए. हमारे राज्य में हमने एक-दो महीने में चार्जशीट दायर की और अदालत ने दोषियों को फांसी की सज़ा सुनाई.”
Also Read : दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा से गैंगरेप, 3 आरोपी गिरफ्तार; NCW की टीम करेगी जांच
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि निजी मेडिकल कॉलेजों को अपने छात्रों, ख़ासकर छात्राओं की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने यह भी दोहराया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों को “कड़ी से कड़ी सज़ा” दी जाएगी. पुलिस ने बताया कि मेडिकल छात्रा का बयान दर्ज कर लिया गया है और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं.
सहपाठी समेत तीन गिरफ़्तार
उधर पुलिस ने रविवार को इस मामले में उसके सहपाठी समेत तीन युवकों को गिरफ़्तार किया है. पुलिस के अनुसार गिरफ़्तार युवकों से पूछताछ की जा रही है. इसके साथ ही कॉलेज परिसर के आस-पास ड्रोन से तलाशी भी ली जा रही है. बता दें कि ओडिशा की रहने वाली छात्रा शुक्रवार रात को अपने एक सहपाठी के साथ कॉलेज परिसर से बाहर निकली थी. आरोप है कि वहां कुछ युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की और उसे जबरन नजदीक के जंगल में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया.
Also Read : पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में ओड़िसा की मेडिकल छात्रा के साथ गैंगरेप, हिरासत में संदिग्ध
पुलिस ने उसी रात उस सहपाठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी. शनिवार देर रात दो और युवकों को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद सुबह तीनों को गिरफ़्तार कर लिया गया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में दो और लोगों की तलाश की जा रही है. इस बीच राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य अर्चना मजूमदार ने पीड़ित छात्रा से मुलाक़ात की है. आयोग ने पुलिस महानिदेशक को पत्र भेज कर इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
कॉलेज प्रबंधन का बयान
इस बीच, इस घटना के सामने आने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने अपने एक बयान में कहा है कि शुक्रवार को वह छात्रा क़रीब डेढ़ घंटे तक परिसर से बाहर रही थी. बयान के मुताबिक वह पहले अपने एक सहपाठी के साथ बाहर निकली थी. लेकिन फिर अकेले वापस लौट आई थी. लेकिन कुछ देर बाद वह दोबारा बाहर निकल गई. उसके क़रीब 40 मिनट बाद वह अपने सहपाठी के साथ ही परिसर में लौट आई थी. अपने हॉस्टल पहुंच कर उसने अपने मित्रों को घटना की जानकारी दी. उसके बाद उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया.


