हजारीबाग : केरेडारी स्थित सीसीएल की चंद्रगुप्त कोल परियोजना में रोजगार की मांग को लेकर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पहरा गांव निवासी राहुल कुमार कंपनी के साइट कार्यालय परिसर में लगे ऊंचे टावर पर चढ़ गया। उसने रोजगार नहीं मिलने पर विरोध जताते हुए आत्महत्या की चेतावनी दी।
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग में 100 रुपये की रिश्वत पड़ी भारी! वीडियो वायरल होते ही सरकारी कर्मचारी सस्पेंड
जानकारी के अनुसार, राहुल ने हाथ से लिखे पत्र में दावा किया है कि करीब छह महीने पहले उसने सुशी इन्फ्रा माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड में ट्रायल पास किया था। इसके बावजूद उसे अब तक नौकरी नहीं दी गई। उसका आरोप है कि कंपनी प्रबंधन लगातार रोजगार देने का आश्वासन देता रहा, लेकिन वादा पूरा नहीं हुआ।
राहुल ने कंपनी के जीएम पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और कंपनी प्रबंधन से तत्काल हस्तक्षेप कर युवक को सुरक्षित नीचे उतारने तथा रोजगार से जुड़े मामले का समाधान करने की मांग की

