धनबाद : झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग स्थित इंद्रा चौक पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा ऊपर कुल्ही के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। मृतक की पहचान बालू बंकर निवासी जहांगीर के रूप में हुई है। युवक की मौत से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया। इस दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई, जबकि झरिया पुलिस की गश्ती गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को पीछे हटना पड़ा।
इसे भी पढ़ें: झारखंडी भाषाओं के अस्तित्व, सम्मान और अधिकारों के लिए लोगों ने निकाला ऐतिहासिक भाषा मार्च

जानकारी के अनुसार धनसार की ओर से आ रहा ट्रक HR 58B 7375 कतरास मोड़ की तरफ जा रही बाइक JH 10 DC 5595 को ऊपर कुल्ही स्थित सिकंदर पटाखा दुकान के समीप जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार जहांगीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा, लेकिन इंद्रा चौक के पास ट्रक अनियंत्रित होकर रामजी पंडित की गुमटी में जा घुसा। इससे गुमटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। संयोग से दुकानदार कुछ देर पहले ही दुकान बंद कर घर जा चुके थे।
इधर, युवक की मौत की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ और पुलिस की दो गश्ती गाड़ियों पर पथराव किया गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों को अपने वाहन लेकर घटनास्थल से हटना पड़ा।

सूचना मिलते ही सिंदरी एसडीपीओ समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारी मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
मृतक जहांगीर मोहम्मद जाकिर का पुत्र था और झरिया मेन रोड में डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी और एक छोटा बच्चा है। घटना के वक्त उसकी पत्नी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने पश्चिम बंगाल स्थित मायके गई हुई थी। जहांगीर ने रात तक घर लौटने की बात कही थी, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

