Dhanteras Parking: धनतेरस और दीपावली पर रांची के बाजारों में खरीदारी करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इस दौरान सड़कों पर जाम की समस्या होती है। इसे देखते हुए ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने की तैयारी शुरू कर दी गयी है। सोमवार को फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और ट्रैफिक डीएसपी रमाकांत रजक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मेन रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान जाम से बचने, वाहनों की आवाजाही को आसान बनाने और पार्किंग की व्यवस्था पर चर्चा हुई।
Highlights:
निरीक्षण के दौरान जिला स्कूल मैदान, रांची विश्वविद्यालय और वेंडर मार्केट सहित कई जगहों पर अस्थायी पार्किंग बनाने की संभावना देखी गयी। चेंबर के पदाधिकारियों ने मेन रोड की चार प्रमुख गलियों में ट्रैफिक पुलिस तैनात करने का सुझाव दिया। इनमें विष्णु गली, लालजी हिरजी रोड और राधेश्याम गली शामिल हैं। इससे मेन रोड पर वाहनों की भीड़ कम होगी और जाम की समस्या से राहत मिल सकती है।
इसे भी पढ़ें: देवघर: पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बाबा बैद्यनाथ के दरबार में टेका माथा, विधिवत पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद
Dhanteras Parking: चर्च रोड में तीनपहिया और चारपहिया वाहनों पर रोक का सुझाव
धनतेरस के दौरान चर्च रोड में काफी भीड़ रहती है। इसे देखते हुए मेन रोड से काली मंदिर चौक होते हुए चर्च रोड और विक्रांत चौक की ओर जाने वाले तीनपहिया और चारपहिया वाहनों पर रोक लगाने का सुझाव दिया गया है।
वहीं, चर्च रोड सेकेंड स्ट्रीट और विक्रांत चौक की ओर से आने वाले वाहनों को डॉ फतेउल्लाह रोड और वूल हाउस की ओर से निकालने का प्रस्ताव रखा गया है। चेंबर और ट्रैफिक पुलिस मिलकर सभी व्यवस्थाओं पर विचार करेंगे। इसके बाद जाम से बचने के लिए बेहतर ट्रैफिक प्लान तैयार किया जायेगा। इस योजना को धनतेरस से दो दिन पहले जारी करने की तैयारी है।
Dhanteras Parking: ग्राहकों को बाजार पहुंचने में न हो परेशानी : तुलसी पटेल
चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि धनतेरस और दीपावली व्यापारियों और आम लोगों दोनों के लिए खास अवसर हैं। चेंबर चाहता है कि ग्राहक बिना परेशानी के बाजार पहुंचें और आसानी से खरीदारी कर सकें। उन्होंने कहा कि केवल वाहनों पर रोक लगाने से समस्या हल नहीं होगी। इसके लिए सही ट्रैफिक व्यवस्था, वैकल्पिक पार्किंग, वन-वे व्यवस्था और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती जरूरी है।
चेंबर के सह सचिव अमित शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर व्यवस्था तैयार की जा रही है। इसका उद्देश्य बाजार में कारोबार को प्रभावित होने से बचाना और लोगों को जाम से राहत दिलाना है।

