खूंटी : खूंटी पुलिस ने अफीम की शुरुआती खेती के सीजन से ही शिकंजा कसना प्रारंभ कर दिया है। जिले में एनडीपीएस थाना पुलिस ने छापेमारी कर पांच लाख मूल्य के 998 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। सोमवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसपी ऋषभ गर्ग ने यह खुलासा किया।
Highlights:
इसे भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत झारखंड दौरे पर पहुंचे देवघर, एयरपोर्ट पर किया गया स्वागत
एक नवंबर को हुई कार्रवाई
एसपी ने बताया कि एक नवंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध अफीम बेचने के लिए अड़की से मुरहू की ओर नील फैक्ट्री के पास आने वाले हैं। सूचना मिलते ही एसडीपीओ खूंटी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई की गई। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर तीन लोग संदिग्ध अवस्था में आते हुए दिखाई दिए। उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो वे भागने लगे। पीछा कर एक व्यक्ति को झोले के साथ पकड़ा गया, जबकि दो व्यक्ति भागने में सफल रहे।
तलाशी में अवैध अफीम बरामद
पकड़े गए व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास रखे झोले से लगभग 998 ग्राम अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार बरामद अफीम की बाजार में कीमत लगभग 5 लाख रुपये है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अड़की थाना क्षेत्र के मदहातू निवासी 32 वर्षीय लादू मुंडा के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि फरार दोनों आरोपी भी अड़की थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। अन्य दो फरार व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी लादू मुंडा के पास से 998 ग्राम अवैध अफीम, एक यामाहा मोटरसाइकिल जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH01AL-2009 है और एक झोला जब्त किया है। इस संबंध में एनडीपीएस थाना कांड संख्या 18/26 के तहत *एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(b), 25 एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी टीम में एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, एनडीपीएस थाना प्रभारी मणि दीप तथा एनडीपीएस थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
ग्रामीणों से एसपी की अपील
एसपी ने बताया कि अब अफीम की खेती का सीजन शुरू होने वाला है, इसे लेकर पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। ड्रोन से निगरानी, पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त बल की मांग, ग्रामीणों के साथ जनसंवाद, जागरूकता अभियान और कृषि विभाग के माध्यम से वैकल्पिक फसलों के बीज वितरण का प्लान तैयार किया गया है। साथ ही पुराने अफीम तस्करी के मामलों में शामिल आरोपियों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।

