Sunday, November 1, 2026

पाकुड़ में देर रात वाहन जांच अभियान में 22 वाहनों से 2.34 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया

पाकुड़ : जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय की ओर से देर रात व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया गया। 30 अक्टूबर की रात 11 बजे से 31 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे तक नगर थाना क्षेत्र के प्यादापुर चेक पोस्ट, डीसी आवास चौक, नगर पालिका चेक पोस्ट गोकुलपुर, जयकिशटोपुर कांटाघर तथा पाकुड़-धुलियान मुख्य सड़क मार्ग पर खनन सामग्री का परिवहन करने वाले भारी व्यावसायिक वाहनों की जांच की गई।

इसे भी पढ़ें: JTET : पलामू में 47 केंद्रों पर 30,422 अभ्यर्थी परीक्षा में होंगे शामिल, प्रशासन अलर्ट, होटल-लॉज से रेलवे स्टेशन तक छापेमारी

उपायुक्त के निर्देश पर चलाए गए अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी स्वयं मौजूद रहे। इस दौरान ट्रक, हाईवा समेत करीब 40 से 50 भारी व्यावसायिक वाहनों के कागजात एवं आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई। जांच में नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 वाहनों से कुल 2,34,000 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।

जांच के दौरान वाहनों के रोड टैक्स, फिटनेस, इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाण-पत्र (PUC), परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। इसके अलावा निर्धारित गति सीमा, वैध नंबर प्लेट, हाई बीम लाइट, प्रेशर हॉर्न तथा वाहन में अनधिकृत संशोधन जैसे बिंदुओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।

हाईवा में मिला क्षमता से अधिक गिट्टी

अभियान के दौरान WB65J-5284 नंबर के एक हाईवा को पकड़ा गया। जांच में वाहन की निर्धारित लदान क्षमता से करीब 8 टन अधिक गिट्टी पाए जाने की बात सामने आई। मामले में अतिरिक्त कार्रवाई करते हुए 58,500 रुपये का ऑनलाइन चालान निर्गत किया गया।

बकाया ई-चालान का भुगतान करने की अपील

जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों और चालकों से पूर्व के लंबित ई-चालान का भुगतान करने की अपील की है। विभाग के अनुसार वाहन मालिक संबंधित सरकारी पोर्टल पर अपने वाहन का विवरण दर्ज कर लंबित चालान की स्थिति की जांच कर बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित करें।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वाहन जांच के दौरान बकाया चालान वाले वाहन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। भुगतान नहीं होने की स्थिति में वाहन जब्त किए जाने के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
अलग-अलग स्थानों पर जारी रहेगा अभियान

जिला प्रशासन ने कहा कि वाहन जांच अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों और अलग-अलग समय पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा।

प्रशासन ने वाहन चालकों से हेलमेट, सीट बेल्ट, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाण-पत्र समेत सभी आवश्यक दस्तावेज दुरुस्त रखने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

एयर नाऊ स्पेशल

Radhakrishna Kishore Podcast: राजनीति में आने की वजह से...

Radhakrishna Kishore Podcast: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अपने बेबाक अंदाज और साफगोई के लिए जाने जाते हैं। एयरनाऊ के खास पॉडकास्ट...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

25,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
113,000SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग ख़बर