मेदिनीनगर : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने को लेकर पलामू जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. रविवार को आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी और संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए शनिवार की रात शहर के विभिन्न होटलों और लॉज में औचक छापेमारी की गई.
Highlights:
इसे भी पढ़ें: पलामू : JTET की सुरक्षा ड्यूटी पर जा रही महिला जवान की सड़क हादसे में मौत
सदर एसडीएम के नेतृत्व में जांच अभियान
सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस की टीम ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड समेत शहर के विभिन्न होटलों और लॉज में जांच अभियान चलाया. इस दौरान होटल और लॉज में ठहरे लोगों की जानकारी ली गई और उनकी गतिविधियों की पड़ताल की गई. अभियान में टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे. परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि और संभावित गड़बड़ी पर नजर रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई.
जिले में बनाए गए हैं 47 परीक्षा केंद्र
JTET के लिए पलामू जिले में कुल 47 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इनमें मेदिनीनगर में 26, चैनपुर में 7, पाटन में 5, पांकी और पंडवा में 4, सतबरवा में 3 तथा लेस्लीगंज में 2 परीक्षा केंद्र शामिल हैं. इन केंद्रों पर कुल 30,422 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे. पहली पाली में 19,281 और दूसरी पाली में 11,141 अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान है.
दो पालियों में JTET परीक्षा
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी. पहली पाली में कक्षा 6 से 8 के लिए सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा होगी. वहीं दूसरी पाली में कक्षा 1 से 5 के लिए दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी. परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले ही परीक्षा केंद्रों का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा. निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा.
परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा
परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है. इस दौरान अनावश्यक भीड़ जुटाने, हथियार लेकर चलने, लाउडस्पीकर बजाने और अनावश्यक आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा. इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास संचालित फोटोस्टेट दुकानों को भी बंद रखने का निर्देश दिया गया है.
कदाचार रोकने के लिए प्रशासन की पैनी नजर
जिले में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था मजबूत की है. होटल, लॉज और सार्वजनिक स्थलों पर जांच के साथ परीक्षा केंद्रों के आसपास भी विशेष निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है.

