पलामू : जिले के रेहला स्थित ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड परिसर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है.बीती रात चोरों ने कंपनी परिसर में बने सात स्टाफ क्वार्टरों को एक साथ निशाना बनाया.इन क्वार्टरों में कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी रहते हैं. दुर्गा पूजा के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों के अपने-अपने घर जाने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया.
इसे भी पढ़ें: पलामू में अंधविश्वास में खूनी वारदात, डायन-बिसाही के आरोप में बुजुर्ग की हत्या
जानकारी के अनुसार, दुर्गा पूजा का त्योहार मनाने के लिए अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने घर गए हुए थे. इसी दौरान चोरों ने सुनसान क्वार्टरों को निशाना बनाया. चोरों ने क्वार्टरों के दरवाजे तोड़कर या काटकर अंदर प्रवेश किया और चोरी की घटना को अंजाम दिया. आशंका जताई जा रही है कि चोर लाखों रुपये की कीमती वस्तुएं और गहने लेकर फरार हुए हैं. हालांकि, चोरी गई संपत्ति का वास्तविक आकलन अब तक नहीं हो पाया है.
गौरतलब है कि रेहला स्थित ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड परिसर हाई-सिक्योरिटी जोन है.पूरा परिसर चारों तरफ से चारदीवारी से घिरा हुआ है. इसके बावजूद एक साथ सात स्टाफ क्वार्टरों में चोरी की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि चोर परिसर के भीतर कैसे दाखिल हुए और उन्होंने एक के बाद एक सात क्वार्टरों को कैसे निशाना बनाया.
थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान के बारे में जानकारी मिल सके. घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं. फिलहाल चोरी गई संपत्ति का आकलन और चोरों की पहचान पुलिस के लिए प्रमुख चुनौती है.

