पलामू : दशहरा पर्व के बीच हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पतरा कला गांव में दर्दनाक हादसे से मातम पसर गया.खेत में सब्जियों की सिंचाई करने गए 35 वर्षीय युवक अंबेडकर कुमार पासवान की कुएं में डूबने से मौत हो गई. मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया.
इसे भी पढ़ें: खूनी साजिश का पर्दाफाश: पति की हत्या में पत्नी ही निकली साजिशकर्ता, प्रेमी व एक अन्य सहयोगी चढ़े पुलिस के हत्थे
जानकारी के अनुसार अंबेडकर रविवार सुबह घर में किसी को बताए बिना खेत में सिंचाई करने गए थे.वह खेत के पास स्थित कुएं से बाल्टी और रस्सी की मदद से पानी निकालकर पौधों में पटवन कर रहे थे.इसी दौरान पैर फिसलने से कुएं में गिरने की आशंका जताई जा रही है.
देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन की. कोई सुराग नहीं मिलने पर हुसैनाबाद थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित सूचना दी. इसी बीच सोमवार शाम गांव की एक महिला ने कुएं में शव देखा और इसकी जानकारी ग्रामीणों व परिजनों को दी.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से निकलवाकर अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद भेज दिया. शाम होने के कारण पोस्टमार्टम मंगलवार को किया गया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. दशहरा पर्व के बीच हुई इस घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. किसान की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर है।

