पटना: बिहार के नालंदा जिले में शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम पर बुधवार रात हुई फायरिंग की घटना में गोली लगने से घायल उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना पावापुरी-सिलाव इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के समीप हुई। उन्हें इलाज के लिए पहले पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस दौरान मौके पर मची अफरातफरी के बीच मौके से शराब तस्कर वाहन समेत फरार हो गए। उत्पाद थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि कार्रवाई पटना से आई विशेष ईआईबी टीम के नेतृत्व में की जा रही थी। घटना के बाद उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। हाईवे और आसपास के रास्तों पर नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सिपाही की मौत से पुलिस और उत्पाद विभाग के महकमे में हड़कंप मच गया है।

