रांची: भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित सभागार में किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह का पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान अर्जुन सिंह ने विधिवत किसान मोर्चा के अध्यक्ष के रुप में कार्यभार संभाला। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवम पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने अर्जुन सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपके नेतृत्व में किसान मोर्चा और मजबूत और सशक्त होगी, इस बात का पूरा भरोसा है।
इसे भी पढ़ें : जन्मदिन की पार्टी से लौटने के दौरान बदमाशों ने युवक को किया अगवा, चंद मिनटों में पुलिस ने किया बरामद, 4 धराए

उन्होंने कहा कि जब किसान विकसित होगा तभी भारत विकसित होगा। जब किसान आत्मनिर्भर होगा तभी भारत आत्मनिर्भर होगा। उन्होंने किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि पार्टी को मजबूत करने हेतु हम सब को पार्टी के अधिवक्ता के रूप में काम करना चाहिए और पार्टी के पक्ष को अच्छी तरह से जनता के बीच रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने नारा दिया था जय जवान, जय किसान। उसके बाद अटल बिहारी बाजपेयी ने नारा दिया कि जय जवान, जय किसान और जय विज्ञान और जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने नारा दिया कि जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान और जय अनुसंधान। कृषि के क्षेत्र में आज उन्नत खेती और उपज प्राप्त करने के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान की बहुत जरूरत है। उन्होंने मोर्चा के अध्यक्ष से 2029 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य में रखकर काम करने और राज्य के किसानों के हित की लड़ाई लड़ते हुए अधिक से अधिक संख्या में उन्हें अपने साथ जोड़ने की बात कही।

वहीं नवनियुक्त अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने झारखंड राज्य में गठित किसान मोर्चा की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा किसान मोर्चा किसानों के हक और अधिकार को लेकर हमेशा आवाज उठाते रहा है। आज पार्टी ने जो विश्वास उन पर व्यक्त किया है उसके लिए वे आभार प्रकट करते हुए पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने का वे पूरा प्रयास करेंगे।
उन्होंने किसानों की कोई जाति नहीं होती है, इस देश में हर नागरिक किसान है। सबसे ज्यादा मेहनत हम किसान मोर्चा को करना होगा। किसान मोर्चा प्रदेश स्तर से लेकर हर बूथ तक पहुंचेगा और किसान मोर्चा को पहले से और अधिक मजबूत करना पहली प्राथमिकता है।
उन्होंने राज्य की हेमन्त सरकार के द्वारा चुनाव के वक्त किये गये वादे को याद करते हुए कहा कि सरकार ने 274 रु प्रति किलो यूरिया उपलब्ध कराने का वादा किया था लेकिन किसानों को आज 1200 रु प्रति किलो यूरिया मिल रहा है, 3200 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदने का वादा था लेकिन खरीद हो रही है 2400 रु प्रति क्विंटल। राज्य सरकार की इस वादाखिलाफी के ख़िलाफ़ किसान मोर्चा आंदोलन तेज करेगा।
कार्यक्रम का मंच संचालन विक्रांत उपाध्याय ने किया। जबकि धन्यवाद ज्ञापन अजय मुंडा ने किया। जबकि कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव, बजरंगी प्रसाद यादव, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य अशोक सिंह, राजेश कुशवाहा, ऋषिकेश राणा, राजीव शाहदेव, बिनोद ठाकुर सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


