पटना: बिहार के विभिन्न जिलों में आई बाढ़ का असर अब बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगुसराई, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णियाा और अरवल जिले प्रभावित हुए है। कई सरकारी स्कूलों में बाढ़ का पानी भर गया है और स्कूल जाने वाले रास्ते भी पानी में डूब गए हैं। इसके चलते कई जगहों पर स्कूलों को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई रुक गई है।
इसे भी पढ़ें: बिहार के 7 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, अगले दो दिनों के लिए 18 जिलों में येलो अलर्ट
स्कूलों में पानी भरने के कारण बच्चे पढ़ने के लिए स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। बच्चों का कहना है कि जब स्कूल में ही पानी है, तो वे वहां पढ़ने कैसे जाएंगे। स्कूल बंद होने की वजह से उनकी पढ़ाई का काफी नुकसान हो रहा है। पटना से सटे पुनपुन और रघुपुर इलाके में बाढ़ का असर स्कूलों पर भी दिखाई दे रहा है। यहां स्कूल परिसर में पानी भर गया है, जिसके कारण बच्चों का स्कूल जाना बंद हो गया है। कई जगहों पर स्कूल तक जाने वाले रास्ते भी पानी में डूब गए हैं, जिससे बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी हो रही है।


