खेल डेस्क : टाटा नगरी जमशेदपुर का ऐतिहासिक कीनन स्टेडियम एक बार फिर क्रिकेट से गुलजार होने वाला है. लंबे समय बाद यहां घरेलू क्रिकेट की वापसी हो रही है. अक्टूबर 2026 से फरवरी 2027 तक लगातार मैच खेले जाएंगे, जिससे पूरे सीजन में क्रिकेट का माहौल बना रहेगा.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका, अपने पहले ही हफ्ते में हासिल किया बड़ा रिकार्ड
11 अक्टूबर से रणजी की शुरुआत
सीजन की शुरुआत रणजी ट्रॉफी से होगी. 11 से 14 अक्टूबर 2026 तक झारखंड और केरल के बीच मुकाबला खेला जाएगा. इसके बाद नवंबर में अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी का मैच होगा. 26 से 29 नवंबर तक झारखंड की टीम मणिपुर के खिलाफ उतरेगी. यानी साल के आखिर तक स्टेडियम में लगातार हलचल बनी रहेगी.
जनवरी में बड़े मुकाबलों का डोज
जनवरी 2027 में दो बड़े रणजी मैच यहां खेले जाएंगे. 17 से 20 जनवरी तक झारखंड का मुकाबला सर्विसेज से होगा. इसके तुरंत बाद 24 से 27 जनवरी तक बंगाल के खिलाफ मैच होगा. बंगाल वाला मुकाबला खास माना जा रहा है, क्योंकि इसमें दर्शकों की ज्यादा भीड़ देखने को मिल सकती है.
फरवरी में युवा खिलाड़ियों पर नजर
फरवरी में अंडर-23 खिलाड़ियों की बारी होगी. 2 से 5 फरवरी 2027 तक कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के तहत झारखंड और महाराष्ट्र की टीमें आमने-सामने होंगी. इस मैच में युवा टैलेंट को देखने का अच्छा मौका मिलेगा, जिसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में अलग उत्साह है.
स्टेडियम में लौटेगा पुराना माहौल
दरअसल, कीनन स्टेडियम का शहर से पुराना रिश्ता रहा है. यहां मैच होने का मतलब सिर्फ खेल नहीं, बल्कि पूरा माहौल बनना होता है. स्थानीय खिलाड़ियों को होम ग्राउंड का फायदा मिलेगा. वहीं, युवा क्रिकेटरों को बड़े स्तर का खेल करीब से देखने का मौका मिलेगा. अब जैसे-जैसे तारीखें नजदीक आएंगी, वैसे-वैसे शहर में क्रिकेट की हलचल भी तेज होती दिखेगी.


