पटना: बिहार में आज मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने 7 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। IMD के मुताबिक, 12 सितंबर को सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई में और 13 सितंबर को बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिले में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसे भी पढ़ें : BRICS SUMMIT 2026 : दो दिवसीय सम्मेलन के पहले पीएम मोदी ने दिया शांति और सहयोग का संदेश
बता दें कि, पिछले 24 घंटे में राज्य के कुछ जिलों में बारिश हुई है। वहीं पटना में गुरुवार को तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि, रात में मौसम सामान्य हो गया था। शुक्रवार सुबह कई जगहों पर हल्के बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बिहार में धीरे-धीरे बारिश का दौर जारी रह सकता है। उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही चक्रवाती हवाओं का असर भी काफी ऊंचाई तक है। वहीं, उत्तरी हरियाणा से यूपी, झारखंड होते हुए बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इन सभी मौसम प्रणालियों के कारण बिहार में बारिश का मौसम बना हुआ है।
राज्य के 14 जिलों में लगभग 44 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए है। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। इस साल कम बारिश होने के बावजूद बाढ़ की स्तिथि बनी हुई है। गंगा, गंडक, पुनपुन समेत अन्य कई नदियों में उफान बना हुआ है, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


