रांची : जेएसएससी सीजीएल परीक्षा धांधली की जांच कर रही सीआईडी की एसआईटी ने गुरूवार देर शाम कोडरमा जिले में छापेमारी कर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो युवकों को हिरासत में लिया है और गहन पूछताछ के लिए अपने साथ रांची ले गई है. मिली जानकारी के मुताबिक, सीआईडी की टीम ने गुप्त सूचना पर गुरुवार को कोडरमा पहुंचकर ये कार्रवाई की. सीआईडी ने डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब से और कोडरमा सदर थाना क्षेत्र के बरसोतियाबार में छापेमारी कर दो युवक को हिरासत में लिया.
इसे भी पढ़ें: 11 सितंबर राशिफल: जानें अपनी राशि के मुताबिक कैसा रहेगा आज का दिन
बताया जा रहा है कि जेएसएससी सीजीएल परीक्षा धांधली मामले में पूर्व में गिरफ्तार हुए लोगों से पूछताछ के दौरान सीआईडी को कोडरमा के इन युवकों के परीक्षा सिंडिकेट व धांधली में संलिप्त होने और इसमें शामिल लोगों के संपर्क में लगातार होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई. हालांकि, सीआईडी ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है.
ऐसे में यह खुलासा होना शेष है कि पकड़े गए इन युवकों की सीजीएल परीक्षा धांधली में किस स्तर की भूमिका थी. क्या वे प्रश्नपत्र की खरीद-बिक्री में शामिल थे, परीक्षार्थियों को सेट कराने का काम कर रहे थे या केवल बिचौलियों के माध्यम से आर्थिक लेन-देन संभाल रहे थे. सीजीएल मामले की तार कोडरमा से जुड़ने और देर रात सीआईडी की इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद से जिले के कोचिंग संचालकों, बिचौलियों और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों के बीच सनसनी फैल गई है.

