न्यूज डेस्क: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही हैं. नेपाल की आपदा प्रबंधन एजेंसी का कहना है कि अब तक 1,287 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अनुमान के मुताबिक 5,083 लोग अभी भी लापता हैं. यह संख्या नेपाल पुलिस की पिछली जानकारी से ज़्यादा है, जिसमें 1,280 लोगों की मौत और 4,798 लोगों के लापता होने की बात कही गई थी. सबसे ज़्यादा 359 शव चितवन में बरामद किए गए हैं, जबकि नुवाकोट में 184 और रसुवा में 140 शव बरामद हुए हैं.
इसे भी पढ़ें : 14वीं JPSC परीक्षा धांधली मामले में जेल में बंद बुद्धेश्वर उरांव ने जमानत याचिका दाखिल की, पूर्व अध्यक्ष पर शनिवार को फैसला
इधर त्रिशूली 3A साइट से दो लोगों को ज़िंदा बचाए जाने के बाद, एक तीसरे व्यक्ति का शव मिला है. मौके पर मौजूद नेपाल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी के डिप्टी मैनेजर सुरेश राउत का कहना है कि शव की हालत ऐसी थी कि उसकी पहचान करना मुश्किल था. उन्होंने बताया, “सुरंग के अंदर मिला शव फूला हुआ है और उसकी पहचान नहीं हो सकी. ऐसा लगता है कि सुरंग से भागने की कोशिश के दौरान बाढ़ के पानी में फंसने से उस व्यक्ति की मौत हो गई.”
इससे पहले शुक्रवार सुबह नेपाल के त्रिशूली 3-ए हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग में 9 दिनों तक फंसने के बाद दो लोगों संजय शाह और कबीर महर्जन को ज़िंदा बाहर निकाला गया है. संजय शाह परियोजना में मैकेनिकल फोरमैन हैं, जबकि कबीर महर्जन मैकेनिकल सुपरवाइजर हैं.
सुरेश राउत ने बताया कि बचाए जाने के बाद कबीर और संजय “थके हुए लग रहे थे, लेकिन खुश थे.” उन्होंने कहा, “कबीर ने दोनों हाथ जोड़कर नमस्ते किया.” उन्होंने आगे कहा, “कबीर के घुटने और कमर में चोटें थीं. हो सकता है बाहर निकलने की कोशिश के दौरान उन्हें चोट लगी हो.”

