रांची: झारखंड में पांच आईपीएस अधिकारी इन दिनों अपनी पोस्टिंग के इंतजार में हैं. पुलिस मुख्यालय से जुड़े सूत्रों के अनुसार पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में प्रक्रिया पूरी करते हुए गृह विभाग को पोस्टिंग को लेकर औपचारिक प्रस्ताव भेज दिया है. गृह विभाग को भेजे गए प्रस्ताव पर यदि जल्द ही कार्यवाही हुई, तो जल्द ही कई आईपीएस अधिकारियों का तबादला व पदस्थापना हो सकती है.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : रांची में स्वाइन फ्लू का खतरा बढ़ा, 3 मासूम भर्ती, एक नवजात की हालत गंभीर
वेटिंग फॉर पोस्टिंग में ये
मिली जानकारी के अनुसार जिन आईपीएस अधिकारियों को अपनी पोस्टिंग का इंतजार है, उसमें आईजी राकेश बंसल, डीआईजी आनंद प्रकाश, आईपीएस हरिलाल चौहान, आईपीएस निधि द्विवेदी और आईपीएस पीयूष पांडेय शामिल हैं. इनमें दो राकेश बंसल और हरिलाल चौहान हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस झारखंड लौटे हैं.
ये प्रमुख पद हैं खाली
बताया जा रहा है कि राज्य में फिलहाल एडीजी स्पेशल ब्रांच, आईजी एसीबी, आईडी ट्रेनिंग, डीआईजी कार्मिक, डीआईजी बजट, एसपी एसटीएफ और कमांडेंट जैप-3 का पद खाली है. इस संबंध में पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रस्ताव भेजे जाने के बाद अब अंतिम फैसला राज्य सरकार और गृह विभाग के स्तर पर होना है. माना जा रहा है कि विधि-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा रिक्त पड़े महत्वपूर्ण पदों को भरने के उद्देश्य से जल्द ही स्थानांतरण एवं पदस्थापन की सूची जारी की जा सकती है.

