रांची : झारखंड में हुए जेपीएससी-जेएसएससी आंदोलन में कुछ मांगों पर बात नहीं बनी थी. इसके बाद अब एक बार फिर सरकार की तरफ से नया प्रस्ताव आया है. अब छात्रों और सरकार के बीच एक बार फिर वार्ता शुरू होगी. कल दोपहर 2 बजे इस मामले में वार्ता होगी. यह जानकारी रांची एसडीएम और एडीएम के द्वार दी गई.
Highlights:
रांची के डीसी ने दी जानकारी
इस संबंध में रांची डीसी के एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में लिखा गया, “रांची में आंदोलनरत छात्रों के साथ बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की दिशा में राज्य सरकार की ओर से एक और पहल की गई है। आंदोलनरत छात्रों को दिनांक 17.08.2026 को दोपहर 2:00 बजे बातचीत के लिए आमंत्रित किया गया है। छात्रों को उनके विधिक सलाहकारों के साथ बातचीत में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) एवं एडीएम, लॉ एंड ऑर्डर द्वारा छात्रों को इस प्रस्ताव की जानकारी दी गई।“
अधिवक्ता के साथ होगी वार्ता
जेपीएससी जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने इसकी पुष्टि की है. वार्ता के दौरान छात्रों को अपना अधिवक्ता भी साथ रखने की इजाजत दी गई. स्टेट गेस्ट हाउस में सरकार के प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता होगी. रविवार शाम छात्रों को वार्ता प्रस्ताव देने के लिए एसडीएम और एडीएम धरनास्थल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे. छात्रों ने सरकार की बात मान ली है और वार्ता की मेज पर एक बार फिर बैठने के लिए तैयार हैं.
मंच ने किया पोस्ट
इस संबंध में जेपीएससी जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने एक्स पर लिखा, “सभी छात्र एकजुट रहे और आंदोलन का पुरजोर समर्थन करे .. मंजिल करीब है। सुबह जल्दी होगी हम जीत के बिल्कुल करीब है। मांगी पूरी करनी ही है और कोई विकल्प नहीं है।”

