Thursday, October 29, 2026

स्वतंत्रता दिवस पर जानिए 15 अगस्त 1947 का अनसुना सच, गांधी रो क्यों रहे थे?

Written By – Rohit Anil Tripathi 

आज गांधी के देखे सपने को पूरा हुए और मुल्क को आजाद हुए 79 बरस हो गए. हर साल 15 अगस्त आता है. तिरंगा फहराया जाता है. राष्ट्रगान बजता है. प्रधानमंत्री लाल किले से भाषण देते हैं. स्कूलों में बच्चे देशभक्ति के गाने गाते हैं. लेकिन 15 अगस्त 1947 ऐसा नहीं था. उस दिन हिंदुस्तान में हर कोई खुश नहीं था. किसी शहर में लोग आजादी का जश्न मना रहे थे, तो कुछ किलोमीटर दूर लोग अपना घर छोड़कर भाग रहे थे. कहीं तिरंगा पहली बार लहरा रहा था, तो कहीं वही दिन बंटवारे की लकीर का दर्द लेकर आया था. और शायद इसीलिए 15 अगस्त 1947 को समझने के लिए सिर्फ नेहरू का भाषण सुनना काफी नहीं है. उस दिन को थोड़ा पीछे जाकर देखना पड़ेगा.

नेहरु के पहला भाषण से पहले देश में क्या हुआ था?

14 अगस्त की शाम दिल्ली में जवाहरलाल नेहरू अपने घर पर थे. अगले कुछ घंटे में वो आजाद भारत के पहले प्रधानमंत्री बनने वाले थे. भाषण तैयार था. संसद का सेंट्रल हॉल तैयार था. आधी रात को देश को संबोधित करना था. लेकिन तभी लाहौर से फोन आया. उधर दंगे भड़क चुके थे. शहर के कुछ इलाकों में पानी की सप्लाई तक बंद कर दी गई थी. लोग पानी लेने निकल रहे थे और मारे जा रहे थे. फोन रखने के बाद नेहरू कुछ देर चुप रहे. आंखों में आंसू आ गए. सोचिए, जिस वक्त एक नेता को अपने देश की आजादी का जश्न मनाने के लिए भाषण देना था, उसी वक्त उसके सामने उसी देश के जलते हुए शहर की तस्वीर थी. फिर रात आई. घड़ी में 12 बजने वाले थे. नेहरू संसद पहुंचे और वो भाषण दिया जिसे आज दुनिया ‘Tryst with Destiny’ के नाम से जानती है. बाहर भीड़ थी. नारे थे. बारिश थी. आजादी का जुनून था. लेकिन उस रात गांधी वहां नहीं थे. गांधी कलकत्ता में थे. और कलकत्ता में उनका अपना अलग हिंदुस्तान था. एक ऐसा हिंदुस्तान जहां हिंदू और मुसलमान एक-दूसरे के खून के प्यासे थे.

आजादी के वक्त गांधी अंधेरे कमरे में क्यों थे?

13 अगस्त को गांधी एक बदहाल इलाके में पहुंचे. भीड़ ने उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंके. किसी ने पूछा, नोआखाली में हिंदुओं के साथ जो हुआ, तब आप कहां थे? गांधी भीड़ के बीच चले गए और कहा, मारना चाहते हो तो मारो. मैं सामने हूं. ये गांधी का तरीका था. दिल्ली में बैठकर शांति की अपील नहीं. दंगे के बीच जाकर खड़े हो जाना. गांधी जिस घर में रुके थे, उसका नाम था हैदरी मंजिल. बदहाल मकान. गंदगी. चूहे. कॉकरोच. और उसी जगह गांधी आजादी की रात सो गए. जब दिल्ली में संसद के बाहर लोग जमा थे, नेहरू भाषण दे रहे थे और देश आधी रात को आजाद हो रहा था, गांधी के कमरे में अंधेरा था. न रोशनी. न कोई जश्न. न कोई भाषण. गांधी सो रहे थे. अगले दिन यानी 15 अगस्त को भी उन्होंने जश्न नहीं मनाया. उपवास किया. प्रार्थना की. चरखा चलाया. और जब उनसे आजादी पर संदेश देने को कहा गया तो उन्होंने कहा, “मेरे पास देश के लिए कोई संदेश नहीं है. मेरा दिल सूख चुका है. क्योंकि गांधी के लिए ये सिर्फ आजादी नहीं थी. देश बंट भी रहा था.

जब जिन्ना ने बंद गाड़ी में बैठने से इनकार कर दिया

अब कहानी को कराची ले चलते हैं. वहां मोहम्मद अली जिन्ना पाकिस्तान के बनने का जश्न मना रहे थे. खुली गाड़ी में शहर से गुजरना था. खतरे की खबर थी. फिर भी जिन्ना ने बंद गाड़ी में बैठने से इनकार कर दिया. कार चली. सड़क के दोनों तरफ भीड़. नारे. पाकिस्तान जिंदाबाद. कायद-ए-आजम जिंदाबाद. लेकिन एक जगह पहुंचते ही अचानक सब शांत हो गया. सामने हिंदू बहुल इलाका था. कुछ देर के लिए ऐसा लगा कि अब कुछ होने वाला है. लेकिन कार निकल गई. जिन्ना सुरक्षित पहुंच गए. उधर उनकी बेटी दीना जिन्ना कराची में नहीं थीं. वो बंबई में थीं. उनकी बालकनी पर भारत और पाकिस्तान दोनों के झंडे लगे थे. एक बेटी के सामने अजीब सवाल था. उसका जन्म भारत में हुआ था. उसके पिता ने पाकिस्तान बनाया था. तो वो किस देश की थी? आजादी की बड़ी-बड़ी कहानियों के बीच ये एक छोटी सी कहानी है. लेकिन शायद बंटवारे का दर्द इससे ज्यादा साफ कहीं नहीं दिखता.

आजादी के बाद भी नहीं पूरा हुआ था भारत का नक्शा

अब दिल्ली आइए. और मिलिए सरदार पटेल से. आजादी आने वाली थी. लेकिन पटेल के पास जश्न मनाने का वक्त नहीं था. रियासतों के विलय का काम चल रहा था. एक-एक करके रियासतों से दस्तावेज आ रहे थे. कौन भारत में आएगा? कौन पाकिस्तान जाएगा? किस राजा का फैसला क्या है? देश आजाद हो चुका था. लेकिन भारत का नक्शा अभी पूरा नहीं हुआ था. पटेल और वी.पी. मेनन उसी नक्शे को पूरा करने में लगे थे. और दिलचस्प बात ये है कि 15 अगस्त बीतने के बाद भी काम खत्म नहीं हुआ. 16 अगस्त को भी बैठकें चल रही थीं. रैडक्लिफ लाइन पर चर्चा हो रही थी. यानी आजादी मिल गई थी. लेकिन देश की सीमा तक पूरी तरह तय नहीं हुई थी. और इसी बीच एक और कहानी है. दिल्ली की. 15 अगस्त की शाम इंडिया गेट के पास झंडा फहराया जाना था. अंग्रेजों ने सोचा था करीब 30 हजार लोग आएंगे. लेकिन दिल्ली ने शायद अंग्रेजों को पहली बार बता दिया कि अब इस मुल्क को आंकना इतना आसान नहीं है. लाखों लोग पहुंच गए. इतनी भीड़ कि रस्सियां टूट गईं. कुर्सियां टूट गईं. लोगों के पास खड़े होने की जगह नहीं थी.

माउंटबेटन की बेटी पामेला भी भीड़ में फंस गईं. मंच से कुछ दूरी पर. नेहरू ने उन्हें देखा. कहा, लोगों के ऊपर से चली आओ. पामेला ने अपनी ऊंची एड़ी की जूतियों की तरफ देखा. नेहरू ने कहा, उतार दो. और वो जूतियां हाथ में लेकर भीड़ के बीच से आगे बढ़ गईं. फिर तिरंगा ऊपर उठा. लाखों लोगों ने एक साथ आवाज लगाई. और उसी वक्त आसमान में इंद्रधनुष दिखाई दिया. लोगों ने इसे शुभ संकेत माना. शायद उनके लिए ये भगवान का इशारा था. लेकिन उस दिन असली इम्तिहान अभी शुरू हुआ था. क्योंकि अगले कई महीनों तक ट्रेनें लाशें लेकर आएंगी. लाखों लोग अपना घर छोड़ेंगे. शहर बदलेंगे. नाम बदलेंगे. रिश्ते बदलेंगे. और एक ऐसा देश खड़ा करना होगा जिसकी नींव आजादी के साथ-साथ बंटवारे के दर्द में भी पड़ी थी.

इसलिए जब आज हम 15 अगस्त मनाते हैं, तो सिर्फ ये याद करना आसान है कि देश आजाद हुआ था. लेकिन उस दिन को सच में समझना है तो गांधी का अंधेरा कमरा भी याद रखना होगा. नेहरू के आंसू भी. पटेल की फाइलें भी. जिन्ना की खुली कार भी. दीना की बालकनी पर लगे दो झंडे भी. और उन लाखों लोगों को भी, जिनके लिए 15 अगस्त का मतलब सिर्फ आजादी नहीं था. उनके लिए ये एक सवाल भी था अब घर कहां है? यही 15 अगस्त 1947 की कहानी है. एक ऐसा दिन… जिसमें जश्न भी था. आंसू भी थे. उम्मीद भी थी. और एक ऐसे मुल्क की शुरुआत भी… जिसे अगले कई साल सिर्फ आजाद नहीं, बल्कि एक रखना था.

एयर नाऊ स्पेशल

Radhakrishna Kishore Podcast: राजनीति में आने की वजह से...

Radhakrishna Kishore Podcast: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अपने बेबाक अंदाज और साफगोई के लिए जाने जाते हैं। एयरनाऊ के खास पॉडकास्ट...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

25,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
113,000SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग ख़बर