रांची : 10 अगस्त को छात्रों के विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस की ओर से छात्रों पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड प्रदेश भाजपा ने आज झारखंड बंद का आह्वान किया है. भाजपा नेताओं ने सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने और तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया.
Highlights:
बंद सुबह 8 बजे से रात के 11 बजे तक बुलाया गया है. इस बंद के आह्वान का राजधानी रांची समेत पूरे प्रदेश में असर देखने को मिल रहा है. राजधानी रांची के विभिन्न इलाकों जैसे किशोरगंज, हरमू, रातू रोड, कांके रोड, अरगोड़ा चौक, लोवाडीह चौक, जेल चौक समेत कई प्रमुख सड़कों पर बंद समर्थक नजर आ रहे हैं और बंद को सफल बनाने को लेकर यातायात को बाधित कर दिया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित नजर आ रहा है.
इसे भी पढ़ें : रांची सांसद व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मंगलवार को भाजपा के आहूत रांची बंद को सफल बनाने की अपील की
सरकार के खिलाफ नारेबाजी
सड़कों पर बंद समर्थकों ने जमकर सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ नारेबाजी की तो वहीं छात्रों की मांगों का समर्थन भी किया. इस दौरान बंद समर्थकों ने छात्रों आंदोलन को शांतिपूर्ण बताते हुए पुलिस की कार्रवाई को बर्बरतापूर्ण व अन्याय बताया है. इधर बंद के कारण लंबी दूरी के वाहनों के परिचालन पर भी असर पड़ा है तो वहीं देर रात बंद बुलाये जाने से रोजमर्रा के कामों में निकलने वाले लोग भी परेशान नजर आ रहे हैं.
सोमवार को छात्रों का प्रदर्शन
बता दें के जेपीएससी जेएसएसी नियुक्ति परीक्षाओं में धांधली मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्रों ने सोमवार को विधानसभा मार्च किया था. इस दौरान ही पुलिस की ओर से छात्रों के प्रदर्शन व मार्च को नियंत्रित करने को लेकर कई बार लाठीचार्ज किया गया, इसमें कई छात्र घायल हुए तो वहीं पुलिस ने दावा किया कि इस दौरान लगभग एक दर्जन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए.
इसे भी पढ़ें : छात्रों के प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज के खिलाफ भाजपा ने की 11 अगस्त को झारखंड बंद की घोषणा
संजय सेठ ने किया आह्वान
भाजपा द्वारा आहूत रांची बंद को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ ने सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह बंद किसी राजनीतिक स्वार्थ का हिस्सा नहीं, बल्कि राज्य के युवाओं और छात्रों के अधिकार, सम्मान और भविष्य की लड़ाई है।
उन्होंने रांचीवासियों से अपील की कि पुलिसिया दमन और सरकार की संवेदनहीनता के खिलाफ एकजुट होकर इस बंद को अपना समर्थन दें। उन्होंने कहा, “हेमंत सोरेन सरकार को शर्म करनी चाहिए। युवाओं की आवाज लाठी के बल पर नहीं दबाई जा सकती।”

