हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर बीते 25 जुलाई की रात दो हाईवा वाहनों पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने शनिवार अहले सुबह बड़ी कार्रवाई की है. इस गोलीकांड के मुख्य आरोपी पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पांडेय को हिरासत में लिया, लेकिन इस दौरान उसने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी. यह घटना तब हुई उसकी निशानदेही पर पुलिस हथियार और बम बरामद करने पहुंची थी.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : रांची में आंदोलनरत JPSC-JSSC छात्रों के दूसरे गुट के साथ मंत्री समूह की बैठक आज, अभ्यर्थी न्याय मंच की मांगों पर होगी वार्ता
25 जुलाई को हुई थी घटना
पुलिस के अनुसार, पिछले महीने 25 जुलाई को 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाईवा वाहनों को निशाना बनाकर गोलीबारी की घटना में अपराधियों ने गैंगस्टर प्रिंस खान के गिरोह कोयलांचल शांति सेना के नाम से धमकी भरे पर्चे छोड़े थे. इस मामले की जांच के दौरान पुलिस को अंकित कुमार पांडेय की संदिग्ध भूमिका की जानकारी मिली थी, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उसके बयान के आधार पर पुलिस घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद करने पिपराडीह गांव के समीप स्थित बंद पड़े गैस प्लांट पहुंची थी, जहां उसे छिपाकर रखा गया था.
इस दौरान ही अंकित ने भागने का प्रयास किया था और उसे पकड़ने के दौरान पुलिस मुठभेड़ हुई थी. पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्तौल, 7.62 एमएम का एक खोखा, 7.62 एमएम की एक मिसफायर गोली, 7.62 एमएम की एक जिंदा गोली, एक देसी बम, चार हस्तलिखित धमकी भरे पर्चे बरामद किए गए हैं.
जांच में सामने आया टेलीग्राम चैट
पूछताछ के दौरान पुलिस ने अंकित कुमार पांडेय के मोबाइल फोन की जांच की. पुलिस के मुताबिक, मोबाइल में टेलीग्राम ऐप के माध्यम से गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके गिरोह (K.S.S.) के सदस्यों के साथ चैट किए जाने की जानकारी मिली. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने प्रिंस खान के निर्देश पर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गोलीबारी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की और K.S.S. के नाम से धमकी भरे पर्चे छोड़े थे.


