रांची : झारखंड की राजधानी रांची में जेपीएससी जेएसएससी परीक्षाओं में धांधली को लेकर छात्रों का प्रदर्शन 11वें दिन भी जारी है. आंदोलनकारी छात्र आज शाम 3 बजे के बाद से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे तो वहीं 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। इधर चर्चा यह है कि सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी आने वाले दिनों में इस आंदोलन को समर्थन देने के लिए जल्द रांची आ सकते हैं.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : JPSC परीक्षा धांधली मामले में CID की कार्रवाई, हजारीबाग से दो भाईयों को हिरासत में लिया गया, संदिग्ध दस्तावेज बरामद
छात्रों ने रखी ये मांग
इससे पहले सोमवार को राजधानी रांची स्थित जयपाल सिंह स्टेडियम में चार से पांच हजार से अधिक छात्रों ने फ्लैश मार्च निकालकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
सोमवार को प्रेसवार्ता में छात्र प्रतिनिधि रविंद्र पासवान और पीयूष कुमार सिंह ने कहा कि जेपीएससी, जेएसएससी की परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर पूरे मामले की जांच सीबीआई और ईडी से कराई जानी चाहिए। उनका कहना था कि सीबीआई प्रशासनिक स्तर पर हुई गड़बड़ियों की जांच करे, जबकि ईडी परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े आर्थिक लेन-देन और वित्तीय अनियमितताओं की पड़ताल करे।
सीआईडी की कार्रवाई
इधर सीआईडी की कार्रवाई भी जारी है. सोमवार को पांच जिलों में 18 ठिकानों पर हुई छापेमारी में कई संदिग्ध दस्तावेजों के बरामद होने के साथ साथ दो भाईयों को भी सीआईडी ने हिरासत में लिया है. इन दोनों भाईयों में एक जेपीएससी सिविल सेवा मुख्य परीक्षा का अभ्यर्थी भी शामिल है, जूकि दूसरे का संबंध परीक्षा में धांधली कराने वालों के साथ होना बताया जा रहा है.
उच्चस्तरीय कमेटी बनाएगी सरकार
इधर राज्य की हेमंत सरकार आंदोलनरत छात्रों से बात करने के लिए एक उच्चस्तरीय कमेटी बनाने की तैयारी में है. कहा जा रहा है कि यह कमेटी आंदोलनरत छात्रों से बात करने के साथ साथ जेपीएससी – जेएसएससी परीक्षाओं में व्यापक सुधार करने के उपायों पर भी चर्चा कर सकती है ताकि उनका भरोसा जीता जा सके. कमेटी में उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार के अलावा एक अन्य मंत्री के साथ साथ सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि व वरीय आईएएस अधिकारी वंदना दादेल को शामिल करने की चर्चा है. कहा जा रहा है कि इस कमिटी की घोषणा विधानसभा के मानसून सत्र से पहले हो सकती है ताकि इस मुद्दे पर सदन के अंदर चर्चा होने व सरकार के पास बचाव का प्रमुख आधार हो।
जेएलकेएम का प्रदर्शन
जेपीएससी परीक्षा धांधली मामले को लेकर आज मंगलवार को डुमरी विधायक जयराम महतो की पार्टी जेएलकेएम राज्य के सभी जिलों में महाधरना करने की तैयारी में है. वहीं पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष व छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो के अनशन का आज तीसरा दिन है. उन्होंने मंगलवार को अपना अनशन दिशोम गुरू शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के मौके पर उन्हें समर्पित करने की बात कही है. इसके अलावा जेएलकेएम ने छह अगस्त को विधानसभा घेराव करने का भी ऐलान किया है.


