पटना: बांकीपुर उपचुनाव में खड़े 25 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला सोमवार को होगा. सोमवार को होने वाले मतगणना को लेकर एएन कॉलेज के कला भवन में जिला प्रशासन और निर्वाचन आयोग की तरफ से सभी तैयारियां कर ली गईं हैं. 25 केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती के बीच मतगणना 30 राउंड में पूरी होगी। 422 बूथों पर पड़े 1.30 लाख वोटों की गिनती के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं. सुबह आठ बजे वोटों की गिनती शुरू होगी और शाम चार बजे तक वोटों की गिनती पूरी होगी.
Highlights:
इसे भी पढ़ें काबिनी डैम से कर्नाटक ने छोड़ा पानी, केरल में हो रही भारी बारिश ने कावेरी विवाद को फ़िलहाल थामा
पटना पुलिस पर गंभीर आरोप
इससे पहले रविवार को जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार व संस्थापक प्रशांत किशोर ने प्रेस कांफ्रेंस कर पटना पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाये. उन्होंने दावा किया कि मतगणना कार्य से पटना एसएसपी अलग रहेंगे, एसएसपी के गलत रवैये के कारण चुनाव आयोग ने यह आश्वासन दिया है। वहीं पूर्व सीएम नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा नीतीश कुमार ने बिहार में लोकतंत्र को जिंदा रखा था लेकिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद अपराधी है और पुलिस का अपराधीकरण कर रहे हैं.
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि चुनाव के दौरान पुलिस ने उनके कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया, कई स्थानीय लोगों को बाहरी बताकर हिरासत में लिया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की. अधिकांश गिरफ्तारियां सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मियों द्वारा की गईं. गिरफ्तार करने वाले अधिकारियों ने हिरासत का कारण भी नहीं बताया. उन्होंने कहा कि पुलिस को अपराध, चोरी, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन इसके बजाय राजनीतिक रूप से प्रेरित कार्रवाई कर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है.
दिल्ली में दर्ज कराएंगे शिकायत
उन्होंने कहा कि पूरे मामले के सबूत चुनाव आयोग को सौंप दिए गए हैं और जल्द ही दिल्ली जाकर भी इस मामले की शिकायत दर्ज कराई जाएगी. उन्होंने सीधे पटना के एसएसपी को चुनौती देने वाले अंदाज में कहा कि उनका रवैया पूरी तरह अनप्रोफेशनल रहा. अगर एसएसपी को राजनीति करनी है तो वर्दी छोड़कर राजनीति में आ जाएं. भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होने दावा किया कि बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा इतनी बड़ी हार झेलेगी कि भविष्य में वह यह कहने की स्थिति में नहीं रहेगी कि किसी को भी टिकट देकर चुनाव जिताया जा सकता है. उन्होंने दोहराया कि उनकी पार्टी चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ कानूनी और संवैधानिक लड़ाई अंत तक लड़ती रहेगी.


