रांची : मंगलवार को जेपीएससी कार्यालय में सीआईडी की छापेमारी के बाद जेपीएससी परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी टीडीपीएल के खिलाफ सीआईडी ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार रात कार्यालय को सील कर दिया था. अब सीआईडी ने गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है.
Highlights:
आरोप है कि टीडीपीएल कंपनी के मार्केटिंग मैनेजर के पद पर रहते हुए अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी ने जेएसएससी और जेपीएससी की कई परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा कर सफलता हासिल की. नगड़ी के एसएस शर्मा ने इस संबंध में स्थानीय थाना, ईडी, सीआईडी में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में कहा गया था कि आरोपी संगठित परीक्षा सिंडिकेट के लिए काम करता था.
इसे भी पढ़ें: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखण्ड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट को लेकर JFDCL और SRFTI के बीच MOU
घर से मिले 5 लाख रूपए
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को टीडीपीएल कार्यालय में हुई छापेमारी में मौके से मिली जानकारी के आधार पर सीआईडी की टीम ने पोड़ैयाहाट के बांझी रोड स्थित किराए के मकान पर छापेमारी की. यहां से पूछताछ के लिए अभय कुमार तिवारी को हिरासत में लिया. इस दौरान घर से पांच लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए. मिली जानकारी के अनुसार हिरासत में लिए जाने के बाद अब तक हुई पूछताछ में परीक्षा सिंडिकेट और फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आई है. चर्चा है कि जल्द ही सीआईडी के रडार पर जल्द ही कुछ और लोगों की गिरफ़्तारी हो सकती है.
चार परीक्षाओं में रहा सफल
दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार बतौर टीडीपीएल कंपनी के मार्केटिंग मैनेजर के रूप में आरोपी ने पीजीटीटीसीई-2023 में रोल नंबर 10309146, जेएसएससी सीजीएल-2023 में रोल नंबर 1237696, रैंक-2, एसीएफ पीटी परीक्षा 2024 में रोल नंबर 24300086 और एमआरओ पीटी परीक्षा 2024 में रोल नंबर 24400147 के साथ एफएसओ लिखित परीक्षा 2023 भी पास की है. आरोप है कि इन सभी परीक्षाओं में उसने गलत तरीके से बैठकर सफलता पाई.


