धनबाद: झरिया थाना क्षेत्र के कतरास मोड़ पर पुलिस गश्ती दल पर पथराव, हाथापाई और सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने के मामले में धनबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना 12 जुलाई की है, जब सार्वजनिक स्थान पर खुलेआम शराब पी रहे युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया था।
इसे भी पढ़ें: पटना: बंटी यादव मर्डर केस के मुख्य आरोपी का बांस घाट के पास एनकाउंटर, पैर में लगी गोली
एसडीपीओ ने बताया कि सूचना मिली थी कि कतरास मोड़ स्थित लाइसेंसी अंग्रेजी शराब दुकान के बाहर कुछ युवक कार के बोनट पर बैठकर शराब पी रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो आरोपी भड़क गए और पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज, हाथापाई और धक्का-मुक्की करने लगे। कुछ ही देर में भीड़ जुट गई और पुलिस पर पथराव शुरू हो गया।
पथराव में पुलिस के गश्ती वाहन का शीशा टूट गया, जबकि कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोनू कुमार भुईया, राजेश भुईया, आनंद गुलगुलिया, लेवलटी गुलगुलिया और विजय भुईयां को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
एसडीपीओ ने लाइसेंसी शराब दुकानों के संचालकों को भी सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपनी दुकानों के सामने किसी भी व्यक्ति को शराब पीने की अनुमति न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीना कानून का उल्लंघन है और ऐसी घटनाओं पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

