न्यूज़ डेस्क : थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के उत्तरी हिस्से में स्थित एक पब में सोमवार तड़के अचानक भीषण आग लग गई. इस भयानक हादसे में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल लोग अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं. दमकलकर्मियों को पब के पिछले हिस्से में मौजूद रेस्टरूम से भी कई शव मिले हैं. बचाव दल का कहना है कि ये लोग आग से बचने के लिए रेस्टरूम की ओर आए थे, लेकिन रास्ता न मिलने की वजह से पीड़ितों की मौत हो गई है.
Highlights:
इसे भी पढ़ें: पुलिस’ बोर्ड लगी कार ने मचाई तबाही, जोन्हा फॉल के पास दुकान में घुसी; नशे में चालक होने की चर्चा, बड़ा हादसा टला
सर्किट ब्रेकर से शुरू हुई आग
बैंकॉक पब में आग स्टेज के पास सर्किट ब्रेकर से शुरू हुई और देखते ही देखते तेजी से पूरे पब में फैल गई, जिससे लोगों को पब से बाहर निकलने का मौका नहीं मिला. कई लोग जान बचाने के लिए पब के पिछले हिस्से में बने रेस्टरूम में छिप गए, लेकिन धुएं ने वहां भी उन्हें नहीं बख्शा. इस अग्निकांड में 27 लोगों की मौत हो गई है. प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने खुद घटनास्थल पर पहुंचकर ये जानकारी दी.
अग्निकांड की जानकारी मिलने का बाद मौके पर पहुंचे प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल को पब में मौजूद चश्मदीद संगीतकार ने बताया कि उसने स्टेज के पास लगे एक सर्किट ब्रेकर से अचानक धुआं निकलते देखा था. इसके तुरंत बाद पब की पूरी बिजली गुल हो गई और वहां एक जोरदार धमाका सुनाई दिया. धमाके के साथ ही पब के अंदर तेजी से काला धुआं भर गया, जिससे लोगों को भागने का मौका नहीं मिला.
रेस्टरूम में भी मिले शव
प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने मीडिया को बताया कि पब में लगी आग इतनी भीषण थी कि कई पीड़ितों को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला और उनके शव रेस्टरूम तथा पब के पिछले हिस्से में पाए गए हैं. दमकलकर्मियों को आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने में करीब आधे घंटे का वक्त लगा. हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में पब का पूरा अंदरूनी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है और वहां केवल जली हुई मेज-कुर्सियां ही नजर आ रही हैं.
आपको बता दें कि थाईलैंड के नाइटक्लबों और पबों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते पहले भी ऐसी कई बड़ी त्रासदियां हो चुकी हैं. साल 2022 में देश के पूर्वी हिस्से में स्थित एक म्यूजिक पब में लगी आग के कारण 14 लोगों की मौत हो गई थी. इससे पहले एक जनवरी 2009 में बैंकॉक के सांतिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान इनडोर आतिशबाजी से आग लग गई थी. इस अग्निकांड में 66 लोगों की मौत हो गई और 200 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे.


