खेल डेस्क : महिला T-20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को मात दे दी है. ऑस्ट्रेलिया ने रिकॉर्ड सातवीं बार महिला टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है. इंग्लैंड की ओर से जीत के लिए मिले 151 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 17.1 ओवर में तीन विकेट गंवाकर ही हासिल कर लिया.
Highlights:
इसे भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला में राम जन्मभूमि ट्रस्ट की आज अहम बैठक, चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफ़े पर फ़ैसला संभव
बेथ मूनी बनी सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
ऑस्ट्रेलिया के बेथ मूनी ने 49 गेंद में 64 रन की पारी खेली. उनकी पारी में 10 चौके शामिल रहे. वहीं फ़ीबी लिचफ़ील्ड ने 35 गेंद में 48 रन बनाए.इससे पहले इंग्लैंड के लॉर्ड्स मैदान में खेले गए इस फ़ाइनल मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया. इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुक़सान पर 150 रन बनाए.
इंग्लैंड की ओर से कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने सबसे ज़्यादा 53 गेंदों पर 58 रन बनाए. फ्रेया केम्प ने 44 और ऐलिस कैपसी ने 23 रन की पारी खेली. वहीं, ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान सोफी मोलिनक्स, किम गार्थ, लुसी हैमिल्टन और एनाबेल सदरलैंड ने एक-एक विकेट हासिल किए.
ICC चेयरमैन जय शाह ने दी बधाई
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह ने महिला टी-20 वर्ल्ड कप की विजेता ऑस्ट्रेलिया को बधाई दी है. जय शाह ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ”ऑस्ट्रेलिया महिला राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए सातवीं बार आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप का खिताब जीतने पर हार्दिक बधाई.”
”साथ ही इंग्लैंड महिला राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को भी बहुत-बहुत बधाई. टीम उपविजेता जरूर रही, लेकिन खेल भावना और जज्बे के मामले में वह भी किसी चैंपियन से कम नहीं रही.”
उन्होंने लिखा, ”इस टूर्नामेंट ने एक बार फिर साबित कर दिया कि महिला क्रिकेट को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता. शुरुआत से लेकर आखिर तक खिलाड़ियों ने दमदार खेल, जुनून और बेहतरीन कौशल का शानदार प्रदर्शन किया. दोनों टीमों और इस विश्व कप को यादगार बनाने वाले सभी लोगों का धन्यवाद. महिला क्रिकेट इस समय अपने स्वर्णिम दौर से गुजर रही है.”




