रांची : झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए गुरूवार को हुए मतदान में सभी 81 विधायकों ने मतदान किया. सुबह 9 बजे से शुरू हुई वोटिंग के दौरान विधानसभा में खूब गहमागहमी देखने को मिली. दो सीटों पर तीन उम्मीदवारों के खड़े होने के कारण चुनाव में मतदान की नौबत आई. इस चुनाव में आंकड़ों के लिहाज से 34 विधायक होने के कारण जेएमएम उम्मीदवार वैद्यानथ राम की जीत तय मानी जा रही है तो वहीं दूसरी सीट के कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा और एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवाणी के बीच कांटे का मुकाबला है. अब शाम पांच बजे वोटों की गिनती होगी और देर शाम चुनाव परिणाम आने की संभावना है.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : दुबई में बनी साजिश, रांची में हमला: RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने वाले 3 गिरफ्तार, आईएसआई-टीटीएच कनेक्शन
बसों से पहुंचे विधायक
इससे पहले सुबह 9 बजे मतदान शुरू होने के समय एक एक विधानसभा में दोनों खेमे के नेताओं व विधायकों का आना शुरू हो गया था. कांग्रेस व राजद समेत महागठबंधन के अधिकांश विधायक एक साथ बस से विधानसभा पहुंचे तो वहीं जेएमएम के कई विधायक अपनी अपनी गाड़ियों से विधानसभा पहुंचे. वहीं एनडीए के सभी 24 विधायक भी बस में सवार होकर विधानसभा पहुंचे. इस दौरान पहली बार जदयू विधायक सरयू राय व बीजेपी विधायक और पूर्व सीएम चंपाई सोरेन भी बस में मौजूद थे.
बैजनाथ राम का दावा
इस दौरान जेएमएम उम्मीदवार बैजनाथ राम बोले- “नाथवानी जैसे आए हैं, वैसे ही वापस जाएंगे.विधानसभा परिसर पहुंचे झामुमो के प्रत्याशी बैजनाथ राम ने अपनी जीत को तय बताते हुए प्रतिद्वंदी उम्मीदवार पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन दोनों सीटों पर जीत दर्ज करने जा रहा है और परिमल नाथवानी जिस तरह लाव-लश्कर के साथ आए हैं, शाम को वैसे ही खाली हाथ वापस लौट जाएंगे.
झामुमो महासचिव व पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि संख्या बल पूरी तरह से हमारे साथ है. हम बेहद आरामदायक स्थिति में हैं. ‘इंडिया’ गठबंधन चट्टानी एकता के साथ खड़ा है और हमारा कोई भी विधायक बिकने वाला नहीं है. परिमल नथवानी को इस बार करारी हार का सामना करना पड़ेगा.
जय श्रीराम’ और ‘जय जगन्नाथ’ का नारा
इधर होटल से सीधे बस में सवार होकर विधानसभा पहुंचे एनडीए विधायकों में शामिल चंपाई सोरेन ने जादुई आंकड़ा पार करने का दावा किया. एनडीए के सभी विधायक एक साथ बस में सवार होकर एकजुटता प्रदर्शित करते हुए विधानसभा पहुंचे. इस दौरान बस से उतरते ही विधायकों ने ‘जय श्रीराम’ और ‘जय जगन्नाथ’ के नारे लगाए. पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने बड़े आत्मविश्वास के साथ कहा कि परिमल नथवानी आसानी से जादुई आंकड़ा पार कर लेंगे. वहीं, भाजपा नेता भानू प्रताप ने दावा किया कि नथवानी को 35 से 36 वोट मिलने जा रहे हैं.
वोटिंग के बाद बीजेपी के दावे
वोट कर बाहर निकले दोनों खेमों के विधायकों ने अपनी अपनी जीत के खूब दावे किए, बीजेपी विधायक देवेंद्र कुंवर ने मीडिया के सामने विक्ट्री साइन बनाते हुए कहा कि जय श्री राम, हो गया काम. उनके इस बयान से साफ है कि एनडीए खेमे ने भीतर ही भीतर बड़ी रणनीति तैयार की है. वहीं बीजेपी के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने मतदान के बाद कहा कि एनडीए की रणनीति पूरी तरह सफल रही है और हमारी जीत सुनिश्चित है.
झरिया विधायक रागिनी सिंह और धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि वे परिणाम को लेकर शत-प्रतिशत आश्वस्त हैं और अभी से एक-दूसरे को बधाई देते दिखे. वहीं, पूर्वी जमशेदपुर की विधायक पूर्णिमा साहू ने भी कहा कि एनडीए के पास जीत के लिए पर्याप्त आंकड़े मौजूद हैं, जो चौंकाने वाले परिणाम देंगे.
दोपहर बाद पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन
सीएम हेमंत सोरेन ने वोट डाला, उनके साथ कल्पना सोरेन भी मौजूद रही. सीएम ने गठबंधन के सभी विधायकों से मुलाकात की. इस दौरान सीएम के साथ सत्ता पक्ष के अधिकांश विधायक नजर आए. इस दौरान कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने कहा, इस पूरे चुनाव की कमान खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संभाल रखी है, जिससे ‘इंडिया’ गठबंधन बेहद मजबूत स्थिति में है. कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा की जीत सुनिश्चित है. उन्होंने आगे दावा किया कि मतदान करने के बाद भाजपा नेताओं के चेहरों की हवाइयां उड़ी हुई हैं और उनके चेहरे साफ तौर पर उतरे हुए दिखाई दे रहे हैं.
वोटिंग के बाद जयराम महतो ने कहा
जयराम महतो ने कहा कि वह काफी आत्ममंथन और सोच-विचार करने के बाद मतदान करने आए हैं. महतो ने स्पष्ट किया, मैं जिसे भी अपना वोट दूंगा, उससे मेरी सिर्फ एक ही उम्मीद रहेगी कि वह झारखंड के अधिकारों, यहां की माटी और विकास के लिए पूरी ईमानदारी से संसद में आवाज बुलंद करे.
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि भाजपा राज्य में दूसरा सबसे बड़ा दल है और पार्टी ने नथवानी को पूरा समर्थन दिया है. जब उनसे जादुई आंकड़े के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि उम्मीदवार ने इसके लिए निश्चित रूप से एक ठोस रणनीति बनाई होगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि कई विधायक दलगत भावना से ऊपर उठकर राज्य के विकास के लिए नथवानी के पक्ष में मतदान करेंगे.




