रांची : बुधवार को राज्य सरकार ने दो आईएएस अधिकारियों व झारखंड प्रशासनिक सेवा के 88 अधिकारियों का तबादला कर दिया. इस संबंध में कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 2014 बैच के आईएएस रंजीत कुमार लाल को पलामू का नगर आयुक्त और 2022 बैच की आईएएस अधिकारी सुलोचना मीना को देवघऱ का नगर आयुक्त बनाया गया है. वह वर्तमान में पलामू की सदर एसडीओ के पद पर पदस्थापित थी. जबकि रंजीत कुमार लाल झारखंड उर्जा उत्पादन निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के पद पर मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए आज होगा मतदान, निर्दलीय परिमल नाथवाणी ने मुकाबले को बनाया त्रिकोणीय
इससे पहले कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने अधिसूचना जारी कर बुधवार को झारखंड प्रशासनिक सेवा के 88 अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण और पदस्थापन कर दिया. इस नए प्रशासनिक फेरबदल में कई जिलों के नगर आयुक्त, अपर समाहर्त्ता और संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
अधिकारियों के तबादले की सूची को देखने के लिए यहां क्लिक करें : Notification 17-06-26 Revise
जिन अधिकारियों का तबदला किया गया है उसमें अजय कुमार तिर्की को विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, रांची के पद पर नियुक्त किया गया है. इसके अलावा एजाज अनवर को नगर आयुक्त, आदित्यपुर नगर निगम, विनोद कुमार को मेदिनीनगर नगर निगम का अपर नगर आयुक्त, प्रदीप कुमार को हजारीबाग नगर निगम में अपर नगर आयुक्त, सौरभ प्रसाद को जिला पंचायत राज पदाधिकारी, गढ़वा, बिजय वर्मा को उप नगर आयुक्त, मानगो नगर निगम, कुमुदिनी टुडू को मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, में उप निर्वाचन पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित किया गया है.
इसी तरह ललन कुमार को मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग में उप निर्वाचन पदाधिकारी, योगेन्द्र प्रसाद को नगर आयुक्त, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति, रविन्द्र गगराई को दक्षिणी छोटनागपुर प्रमण्डल आयुक्त के सचिव, रोहित सिन्हा को पलामू प्रमण्डल आयुक्त के सचिव और रजनीश कुमार को अपर नगर आयुक्त, देवघर नगर निगम के पद पर पदस्थापित किया गया है.




