चतरा : झारखंड के चतरा जिला अंतर्गत लावालौंग थाना क्षेत्र में चतरा पुलिस ने गुरुवार को हुई एक बड़ी कार्रवाई में 21 लाख 25 हजार मूल्य के मादक पदार्थ अफीम एवं अफीम डोडा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को सिमरिया में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शुभम भाऊ साहेब ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के सिलदाग गांव में एक तस्कर मनराज गंझू (28 वर्ष)अफीम का भंडारण किये हुए है और बाहर के व्यापारियों को बेचने के फिराक में है।
इसे भी पढ़ें : झारखंड में क्रास वोटिंग पर माले नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने कांग्रेस अध्यक्ष से जताया विरोध
इस सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में एक छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई में मनराज गंझू को भंडारित अफीम एवं डोडा के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री भाऊ साहेब ने बताया कि मौके से 2 किलोग्राम अफीम,75 किलोग्राम अफीम डोडा और तस्कर का आधार कार्ड एवं मोबाइल बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित मूल्य लगभग 21 लाख 25 हजार रु है।इस संबंध में लावालौंग थाना कांड सं0- 40/26, दि0- 19.06.2026 धारा- 15(सी)/17(बी)/18(बी)/22(सी) एनडीपीएस एक्ट दर्ज किया गया है। पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर पर तहत पूर्व में भी लावालौंग थाना कांड सं0-05/26, दिनांक 07.02.2026, धारा-18/27(ए)/28/29/30 एनडीपीएस एवं 33 भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।




