नई दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ सोमवार जयपुर में मारपीट हुई थी. इस मामले में गिरफ़्तार किए गए पांच युवकों को मंगलवार को ज़मानत मिल गई. पांचों युवकों को ज़मानत मिलने के बाद उन्हें फूल मालाएं पहनाकर नारेबाज़ी की गई है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पांचों युवकों को बीस-बीस हज़ार के बॉन्ड पर ज़मानत मिली है और उन्हें छह महीने के लिए पाबंद भी किया गया है.
Highlights:
इसे भी पढ़ें: कोटा में राहुल गांधी के होर्डिंग्स हटाए गए, नीट पेपर लीक के ख़िलाफ़ कांग्रेस का 17 जून से शुरू हो रहा आंदोलन
अभिजीत दिपके ने ये कहा
इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा है कि उनके ऊपर हमला करने वाले शख़्स के पास अच्छी नौकरी होती तो वो उन पर हमला नहीं करता. अभिजीत दीपके ने मंगलवार को एक प्रेस वार्ता में कहा, “मेरे ऊपर हुआ हमला, इस देश में बढ़ती बेरोज़गारी का सबसे सही उदाहरण है.”
उन्होंने कहा, “युवाओं को हज़ार-दो हज़ार रुपये देकर ऐसी चीज़ें करवाई जा रही हैं, क्योंकि उनके पास कोई दूसरा साधन नहीं है.” दीपके ने कहा, “जिस शख़्स ने मुझ पर हमला किया, उसके पास अच्छी नौकरी होती तो क्या वो ऐसी हरकत करता? नहीं करता.”
अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) को लेकर प्रतिक्रिया दी है. अरविंद केजरीवाल से मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में सीजेपी के बारे में पूछा गया. इस पर उन्होंने कहा, “सीजेपी अच्छी पार्टी है.”
इससे पहले सोमवार को अरविंद केजरीवाल ने सीजेपी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके के साथ हुई मारपीट की घटना की भी निंदा की थी. दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने भी दीपके पर हुए हमले की निंदा की थी.
केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा था, “मैं सीजेपी फ़ाउंडर अभिजीत दीपके पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं. अगर आप दीपके से सहमत नहीं भी हैं, तो इसका मतलब यह नहीं कि आपको उन पर हमला करने का हक़ मिल जाता है. हम सब जानते हैं कि हमलावर किस पार्टी से जुड़े हैं और इसी वजह से उन पर कोई कार्रवाई नहीं होगी.”
जयपुर प्रदर्शन के दौरान हुई घटना
गौरतलब है कि जयपुर के शहीद स्मारक पर सीजेपी ने पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन किया था. इस दौरान कुछ युवकों ने अभिजीत दीपके के साथ मारपीट की. इसके बाद जयपुर कमिश्नरेट के विधायकपुरी थाना पुलिस ने थप्पड़ मारने वाले तीन युवकों समेत पांच लोगों को गिरफ़्तार किया था.




