रांची: भाजपा प्रदेश कार्यालय में एनडीए विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार शाम को हुई। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद मुख्य सचेतक व बीजेपी विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर एनडीए घटक दल के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं और अपने प्रत्याशी परिमल नाथवानी के साथ मजबूती से खड़े हैं। एनडीए समर्थित परिमल नाथवानी की जीत निश्चित ही नहीं बल्कि पूरी तरह सुनिश्चित है। उन्होंने बताया कि कई विधायक नए भी हैं इसलिए कैसे मतदान करना है, कितने बजे जाना है, इस पर भी चर्चा हुई।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : 21 जून को होने वाले RENEET Exam को लेकर केंद्र सरकार ने 22 जून तक के लिए टेलीग्राम पर लगाई रोक
विधायकों की गैरमौजूदगी पहले से तय
नवीन जयसवाल ने कहा कि भाजपा के जो विधायक आज की बैठक में शामिल नहीं हो पाए थे, उन्होंने पार्टी को पूर्व में ही इसकी सूचना दे दी थी। वे सभी विधायक किसी अति आवश्यक कार्य से ही अनुपस्थित हैं। इसमें विपक्ष को खुशफहमी पालने की जरूरत नहीं है। जिनके घर शीशे के होते हैं, चिंता उन्हें ही ज्यादा होती है, यही हाल विपक्ष का है। कांग्रेस अपनी निश्चित हार को लेकर अभी से ही छटपटाहट और हताशा में है।
स्वविवेक एवं अंतरात्मा पर वोट
एक सवाल जवाब में मुख्य सचेतक ने कहा कि परिमल नाथवानी निर्दलीय प्रत्याशी हैं, सभी 81 विधायक उनके लिए वोटर हैं। सभी दल से वे संपर्क कर रहे हैं। उनके काम पर सभी को भरोसा है। पहले भी दो बार सांसद रह चुके हैं। 18 तारीख को सभी विधायक अपने स्वविवेक से एवं अंतरात्मा की आवाज पर वोट करेंगे और परिमल नाथवानी तीसरी बार विजय हासिल करेंगे।
बैठक में रहे मौजूद
बैठक में आदित्य साहू के अलावा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीरेन्द्र प्रधान, भाजपा विधायक सीपी सिंह, नवीन जयसवाल, नागेंद्र महतो, शशि भूषण मेहता, मनोज यादव, सत्येंद्र नाथ तिवारी, नीरा यादव, राज सिन्हा, अमित यादव, देवेंद्र कुंवर,, रोशन लाल चौधरी, प्रदीप प्रसाद, मंजू कुमारी एवं कुमार उज्जवल, लोजपा विधायक जनार्दन पासवान, आजसू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो उपस्थित थे।




