नई दिल्ली: देशभर में 1 जून से कई ऐसे नए नियम लागू होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। बैंकिंग, UPI पेमेंट, गैस सिलेंडर, रेलवे यात्रा, टैक्स और सोलर योजना समेत कई क्षेत्रों में बदलाव किए जा रहे हैं। इन नए नियमों का असर लोगों की फाइनेंशियल प्लानिंग और मासिक बजट पर देखने को मिलेगा।
Highlights:
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
- UPI ट्रांजैक्शन में बढ़ेगी सुरक्षा
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) अब UPI फ्रॉड रोकने के लिए नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है। नए नियम के तहत किसी को भी पैसे भेजते समय अब उस व्यक्ति का बैंक में रजिस्टर्ड असली नाम दिखाई देगा। इससे QR कोड या मोबाइल नंबर के जरिए होने वाले फर्जीवाड़े को रोकने में मदद मिलेगी और लोग सही व्यक्ति की पहचान कर सकेंगे।
- LPG और CNG-PNG के दामों में बदलाव
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां LPG गैस सिलेंडर और CNG-PNG के दामों की समीक्षा करती हैं। इस बार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, खासकर ईरान में जारी तनाव के कारण सप्लाई चेन प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में रसोई गैस और अन्य ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। इसका असर घरेलू बजट पर पड़ सकता है।
- PAN नियमों में राहत और सख्ती दोनों
इनकम टैक्स विभाग ने PAN कार्ड से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। अब 50 हजार रुपये तक नकद जमा करने के लिए PAN देना जरूरी नहीं होगा। वहीं दूसरी ओर 20 लाख रुपये से अधिक की प्रॉपर्टी डील और गिफ्ट डीड जैसे बड़े लेन-देन के लिए PAN अनिवार्य कर दिया गया है। इसका उद्देश्य बड़े वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ाना है।
- ATM इस्तेमाल करना हो सकता है महंगा
जून से कई सरकारी और निजी बैंक ATM ट्रांजैक्शन चार्ज में बदलाव करने जा रहे हैं। फ्री लिमिट खत्म होने के बाद कैश निकालना, मिनी स्टेटमेंट लेना और बैलेंस चेक करना पहले से महंगा पड़ सकता है। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे अपने बैंक की नई गाइडलाइन और नोटिफिकेशन जरूर जांच लें।
- रेलवे यात्रियों पर भी असर
रेलवे ट्रैक अपग्रेडेशन कार्य के चलते करीब 77 ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कई ट्रेनों के रूट बदले गए हैं। पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और गुजरात समेत कई राज्यों के यात्रियों पर इसका असर पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जांचने की सलाह दी है।
- सोलर योजना में नया नियम
सरकारी सब्सिडी वाली सोलर योजना में भी नया नियम लागू किया गया है। अब इस योजना के तहत केवल सरकार द्वारा अप्रूव्ड ALMM सूची में शामिल सोलर पैनल्स का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा। नियम सख्त होने के कारण इन पैनल्स की कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
- FD की ब्याज दरों में बदलाव
कई सरकारी और निजी बैंक जून महीने से फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की ब्याज दरों में बदलाव कर सकते हैं। रिजर्व बैंक की नीतियों के आधार पर कुछ पुरानी स्कीमें बंद की जा सकती हैं और नई ब्याज दरें लागू हो सकती हैं। निवेशकों को नई दरों की जानकारी लेकर निवेश की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इन सभी बदलावों की जानकारी पहले से होने पर लोग बेहतर वित्तीय योजना बना सकते हैं। साथ ही बैंकिंग, यात्रा और डिजिटल पेमेंट से जुड़ी परेशानियों से भी बचा जा सकता है।
यह भी पढ़ें: NEET-UG पेपर लीक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने NTA से पूछा- UPSC से क्यों नहीं सीखते?


